&format=webp&quality=medium)
मौसम विभाग ने अगले 4 दिन के लिए अलर्ट जारी किया है. (फोटो: जी न्यूज)
देश में मॉनसून सामान्य तौर पर 1 जून को केरल पहुंचता है. यहीं से मॉनसून की देश में शुरुआत होती है. लेकिन, भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मॉनसून इस बार दो-तीन दिन की देरी से केरल में दस्तक देगा. मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून सामान्य से 3 दिन देरी से पहुंच सकता है. आमतौर पर पूरे देश में मॉनसून सक्रिय होने के लिए करीब 1 महीने से ज्यादा का समय लगता है. इस बार मॉनसून की गति सामान्य है. मौसम विभाग पहले ही अनुमान जता चुका है कि इस साल देश में सामान्य बारिश होगी. इस बीच मौसम विभाग ने अगले 4 दिन के लिए अलर्ट जारी किया है.
केरल देर से पहुंचेगा मॉनसून
अगले 4 दिन देश के कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है. वहीं, कुछ इलाकों में गर्मी अपने चरम पर रहेगी. तूफान आने जैसी कोई संभावना फिलहाल नहीं है. लेकिन, कई जगहों पर बारिश से पहले धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं. मॉनसून की रफ्तार फिलहाल सामान्य बताई जा रही है. हालांकि, केरल पहुंचने में मॉनसून को दो दिन की देरी हो सकती है. केरल के अलावा कर्नाटक, ओडिशा, आंध्र प्रदेश में प्री-मॉनसून की बारिश हो चुकी है. मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है.
यहां होगी बारिश, आएगी आंधी
अगले चार दिन ओडिशा के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है. साथ ही यहां धूल भरी हवाएं चलने के भी आसार हैं. वहीं, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं. इसके अलावा, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, दक्षिण कर्नाटक, तेलंगाना, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी आंधी चलने की आशंका जताई गई है. दक्षिण कर्नाटक में भारी बारिश होने की भी संभावना है.
यहां पड़ेगी भीषण गर्मी
विदर्भ, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके, तेलंगाना, तमिलनाडु, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दक्षिण हरियाणा और ओडिशा में गर्म हवाएं चलने की आशंका है. साथ ही यहां पारा भी चढ़ने की आशंका जताई गई है. अगले 4 दिन यहां तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं.
मछुआरों के लिए भी अलर्ट जारी
उत्तर-पूर्वी अरब सागर और गुजरात के तटीय इलाकों से मछुआरों को दूर रहने को कहा गया है. यहां 45 किलोमीटर की रफ्तार से समुद्री हवाएं चलने के आसार हैं. तेज हवाओं के साथ ही लहरों के उठने की आशंका है. यही वजह है कि मछुआरों को दूर रहने की सलाह दी गई है. इसके अलावा अंडमान-निकोबार में भी मछुआरों को समुद्र के भीतर नहीं जाने की सलाह दी गई है. यहां तेज हवाओं से नौका पलटने तक के आसार है.
उत्तर प्रदेश-राजस्थान, हरियाणा में बढ़ेगी गर्मी
आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा में गर्मी बढ़ने के आसार है. यहां पारा 36 डिग्री के ऊपर निकलने की संभावना है. कुछ इलाकों में 45 डिग्री तक जाने की भी संभावना है. 30 मई के बाद ज्यादातर इलाकों में मध्य प्रदेश, विदर्भ, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान में बेहाल करने वाली गर्मी पड़ सकती है. गर्म हवाओं के साथ पारा चढ़ने की संभावना है.