&format=webp&quality=medium)
भारत में 40 उद्यमी अरबपतियों की सूची में जुड़ गए हैं. भारत के कुल 177 लोग अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए. (प्रतीकात्मक)
Hurun Global Rich List 2021: आपदा को अवसर में बदलने (aapda ko avsar me badalna) में हम भारतीयों का कोई सानी नहीं है. कोरोना महामारी में जिस समय दुनिया की कई अर्थव्यवस्थाएं चौपट हो रही थीं, वहीं तमाम ऐसे भारतीय थे जिनकी दौलत में इजाफा हो रहा था. कोरोना काल में ही भारत में 40 उद्यमी अरबपतियों की सूची में जुड़ गए. इन्हें मिलाकर भारत के कुल 177 लोग अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए.
दुनिया के धनी लोगों की हुरुन ग्लोबल की इस सूची में कहा गया है कि साल 2020 में जब पूरी दुनिया कोरोना महामारी (Covid-19 Pandemic) की चपेट में रही भारत में 40 लोग अरबपतियों की सूची में पहुंच गए. इस रिपोर्ट में 15 जनवरी तक के आंकड़ों के मुताबिक, व्यक्तिगत या फिर पारिवारिक संपत्ति के तौर पर आकलन किया गया है.
मुकेश अंबानी सबसे अमीर भारतीय (Mukesh Ambani Net Worth)
रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी लगातार सबसे अमीर भारतीय बने हुए हैं. उनकी संपत्ति 24 फीसदी बढ़कर 83 अरब डॉलर पर पहुंच गई. दुनिया के अरबपतियों की सूची में वह एक पायदान चढ़कर आठवें नंबर पर पहुंच गए.
गौतम अदाणी दूसरे सबसे अमीर भारतीय (Gautam Adani net worth)
गुजरात के उद्योगपति गौतम अदाणी की संपत्ति में भी अच्छा इजाफा हुआ है. वर्ष 2020 में उनकी संपत्ति 32 अरब डॉलर तक पहुंच गई और दुनिया के अमीरों की सूची में उनका स्थान 20 पायदान चढ़कर 48 नंबर पर पहुंच गया. मुकेश अंबानी के बाद वह दूसरे सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं. उनके भाई विनोद की संपत्ति 128 प्रतिशत बढ़कर 9.8 अरब डॉलर हो गई.
शिव नाडर तीसरे पायदान पर
आईटी कंपनी एचसीएल के शिव नाडर भारत के अरबपतियों की सूची में 27 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे नंबर पर रहे. साफ्टवेयर कंपनी जैडक्लेर के जय चौधरी की संपत्ति इस दौरान 274 प्रतिशत बढ़कर 13 अरब डॉलर हो गई जबकि बायजू के रविन्द्रन और परिवार की संपत्ति 100 प्रतिशत बढ़कर 2.8 अरब डॉलर पर पहुंच गई.
दोगुनी हुई आनंद महिन्द्रा की संपत्ति (Anand Mahindra ki sampatti)
विविध क्षेत्रों में कारोबार करने वाले महिन्द्रा समूह के प्रमुख आनंद महिन्द्रा और परिवार की संपत्ति भी इस दौरान दोगुनी होकर 2.4 अरब डॉलर हो गई. वहीं बायोकॉन की प्रमुख किरण मजूमदार शा की संपत्ति 41 प्रतिशत बढ़कर 4.8 अरब डॉलर, गोदरेज की स्मिता वी क्रिष्णा की संपत्ति 4.7 अरब डॉलर और लुपिन की मंजू गुप्ता की संपत्ति 3.3 अरब डॉलर पर पहुंच गई.
एलोन मास्क सबसे रईस (Elon Musk World richest person)
वैश्विक स्तर पर यदि बात की जाए तो टेस्ला के एलोन मास्क (Tesla chief Elon Musk) 197 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सबसे शीर्ष पर रहे हैं. इसके बाद अमेजन के जैफ बेजोस का स्थान रहा है. उनकी संपत्ति 189 अरब डॉलर रही है. फ्रांस के फ्रेंचमैन बनार्ड अमाल्ट की संपत्ति 114 अरब डॉलर रही है.
हुरुन इंडिया (Hurun India) के प्रबंध निदेशक और मुख्य शोधकर्ता अनास रहमान जुनैद ने कहा कि भारत में संपत्ति का सृजन चक्रीय अथवा परंपरागत उद्योगों पर आधारित है जबकि अमेरिका और चीन में यह प्रौघोगिकी उद्योग पर आधारित है.
Zee Business App: पाएं बिजनेस, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, इकोनॉमी और ट्रेडिंग न्यूज, देश-दुनिया की खबरें, देखें लाइव न्यूज़. अभी डाउनलोड करें ज़ी बिजनेस ऐप.