&format=webp&quality=medium)
दिल्ली-NCR में गर्मी का कहर जारी है और सूरज आग उगल रहा है. मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिसके चलते लोगों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है. इस जानलेवा गर्मी को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों के लिए एक जरूरी सलाह जारी की है, ताकि वे हीट स्ट्रोक (लू लगना) और डिहाइड्रेशन जैसी गंभीर समस्याओं से बच सकें.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में भीषण गर्मी का दौर अभी कुछ और दिन चलेगा. बुधवार के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जिसका मतलब है कि लोगों को गर्मी से बचाव के लिए तैयार और सावधान रहने की जरूरत है. दिन का तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि रात में भी पारा 29 डिग्री के आसपास बना रहेगा, जिससे रात में भी राहत मिलने की उम्मीद कम है.
इस भीषण गर्मी से निपटने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने कुछ जरूरी बातें बताई हैं, जिन्हें अपनाकर आप सुरक्षित रह सकते हैं.
खूब पानी पिएं: प्यास न भी लगी हो, तो भी समय-समय पर पानी पीते रहें.
हल्के कपड़े पहनें: हल्के रंग के, सूती और ढीले-ढाले कपड़े पहनें ताकि शरीर तक हवा पहुंच सके.
घर को ठंडा रखें: घर में पर्दे, शटर या सनशेड का इस्तेमाल करें. रात में खिड़कियां खोलकर घर को ठंडा करें.
सिर ढक कर निकलें: अगर बाहर निकलना बहुत जरूरी हो, तो छाता, टोपी, तौलिया या गमछे से सिर और चेहरे को ढकें.
पानी वाली चीजें खाएं: अपनी डाइट में तरबूज, खरबूजा, खीरा, संतरा, और नींबू पानी जैसी चीजें शामिल करें.
पीक ऑवर्स में बाहर न निकलें: दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें, क्योंकि इस समय गर्मी सबसे ज्यादा होती है.
ज्यादा मेहनत से बचें: धूप में भारी शारीरिक काम करने से बचें.
चाय-कॉफी से दूरी बनाएं: शराब, चाय, कॉफी और चीनी वाले मीठे ड्रिंक्स से परहेज करें, क्योंकि ये शरीर को और डिहाइड्रेट करते हैं.
बच्चों और पालतू जानवरों का ध्यान रखें: कभी भी बच्चों या पालतू जानवरों को बंद, पार्क की हुई गाड़ी में अकेला न छोड़ें.
बाहर के खाने से बचें: इस मौसम में बाहर के खाने से पेट खराब होने का खतरा बढ़ जाता है.
दिल्ली के बड़े अस्पतालों के डॉक्टरों का कहना है कि गर्मी के कारण मरीजों की संख्या बढ़ गई है. डॉ. अतुल कक्कड़ (इंटरनल मेडिसिन विभाग) के अनुसार, "अस्पतालों में हीट स्ट्रोक (लू लगना), डिहाइड्रेशन (पानी की कमी), पेट खराब होने (गैस्ट्रोएंटेराइटिस) और पीलिया के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं." उन्होंने लोगों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और घर पर बने पेय पदार्थ जैसे लस्सी और नींबू पानी पीने की सलाह दी है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि अगर किसी व्यक्ति को गर्मी के कारण तेज बुखार, चक्कर आना, बेहोशी या सिरदर्द जैसे लक्षण दिखें, तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर ले जाएं और मदद के लिए 108 या 102 पर तुरंत फोन करें.