किसानों की आमदनी में होगा इजाफा, घर से ही फसल खरीदेगी सरकार : हरसिमरत कौर

भारतीय खाद्य व पेय पदार्थो की विदेशों में जबरदस्त मांग है और भारत दुनिया में कई उत्पादों के सबसे बड़े उत्पादकों में शुमार है.
किसानों की आमदनी में होगा इजाफा, घर से ही फसल खरीदेगी सरकार : हरसिमरत कौर

केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर ने कहा कि देश के कुल उत्पादन का महज 10 फीसदी का ही उपयोग प्रोसेसिंग उद्योग में होता है.

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि भारत की 60 फीसदी आबादी कृषि पर निर्भर करती है, देश के कुल उत्पादन का महज 10 फीसदी का ही उपयोग प्रोसेसिंग उद्योग में होता है और उपज का एक बड़ा हिस्सा खराब हो जाता है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ऐसे कदम उठाए हैं, जिससे ज्यादा से ज्यादा कृषि उपज का प्रसंस्करण हो और किसानों को अपनी फसलों का लाभकारी मूल्य मिले.

हरसिमरत कौर बादल ग्रेटर नोएडा एक्सपो सेंटर में ट्रेड प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (टीपीसीआई) द्वारा आयोजित 'इंडस फूड' के दूसरे संस्करण के उद्घाटन के दौरान यहां देश-विदेश से आए कारोबारियों को संबोधित कर रही थीं.

उन्होंने कहा कि भारतीय खाद्य व पेय पदार्थो की विदेशों में जबरदस्त मांग है और भारत दुनिया में कई उत्पादों के सबसे बड़े उत्पादकों में शुमार है. उन्होंने कहा कि भारत की चाय दुनियाभर में मशहूर है. उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहन मिलने से किसानों को उनकी फसलों के बेहतर दाम मिलेंगे, जिससे उनकी आय दोगुनी होगी. सरकार की ओर से इस दिशा में कदम उठाए गए हैं.

Add Zee Business as a Preferred Source

किसानों के घर से खरीदी जाएगी फसल
हरसिमरत कौर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आने वाले समय में किसानों को अपनी उपज सड़क पर नहीं फेंकनी पड़ेगी. सरकार ऐसी योजना बना रही है जिससे किसानों के घर से ही उनकी फसल की खरीद की जाएगी. उन्होंने कहा कि जहां भी अधिक पैदावार हो रही है, वहां पर सरकार खुद गांव-गांव जाकर किसानों की फसल की खरीद करेगी और उसकी सप्लाई ऐसे राज्यों में की जाएगी जहां, उसकी अधिक मांग है. इसमें बची हुई फसल को प्रोसेसिंग के लिए दिया जाएगा. इससे अधिक उत्पादन के समय होने वाली समस्या से छुटकारा मिल जाएगा.

उन्होंने कहा कि सरकार ने इसके लिए फूडपार्क, कोल्डचेन समेत आधारभूत संरचनाओं के विकास पर बल दिया है. मंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में एक अरब डॉलर का निवेश हुआ है.

वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव और इंडस फूड आयोजन समिति के चेयरमैन संतोष सारंगी ने कहा कि इंड्स फूड को वैश्विक खाद्य मेला के तौर पर मान्यता मिल रही है. पिछले साल इसके पहले संस्करण में जहां 400 वैश्विक कंपनियां आई थी तो इस बार यह संख्या 800 से अधिक पहुंच गई है.

जैविक खेती में भारत टॉप पर
टीपीसीआई के अध्यक्ष मोहित सिंघला ने कहा कि इंड्स फूड-2 का मुख्य लक्ष्य छोटे व मंझोले उद्योग के लिए निर्यात बढ़ाने का अवसर उपलब्ध कराना है. इंड्स फूड 2019 वैल्यू एडेड और ऑर्गेनिक उत्पाद केंद्रित मेला है. उन्होंने कहा कि भारत ऑर्गेनिक उत्पादों के मामले में दुनिया का अग्रणी देश और यहां आर्गेनिक उत्पादकों की संख्या सबसे अधिक है और करीब 11 लाख से अधिक किसान आर्गेनिक या जैविक उत्पाद पैदा करते हैं.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6