होली के रंग में न घुले मिलावट का जहर! FSSAI ने मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा, इन चीजों पर रहेगी खास नजर

त्योहारों के मौसम में अक्सर बाजार में मिलावट का खतरा बढ़ जाता है. आने वाली होली को देखते हुए एफएसएसएआई ने अपनी 49वीं केंद्रीय सलाहकार समिति की बैठक में देश भर में विशेष जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया है.
होली के रंग में न घुले मिलावट का जहर! FSSAI ने मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा, इन चीजों पर रहेगी खास नजर

इमेज सोर्स- एआई

होली का त्योहार आने वाला है. चारों तरफ रंगों की बहार और स्वादिष्ट मिठाइयों की खुशबू फैलने लगी है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस दूध या खोए से आप मिठाई बना रहे हैं, क्या वह वाकई शुद्ध है? त्योहारों के आते ही बाजार में मिलावट का खेल तेज हो जाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए एफएसएसएआई (FSSAI) ने अब मिलावटखोरों के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है.

गंगटोक में हुई हालिया बैठक में यह साफ कर दिया गया है कि इस बार की होली सुरक्षित और शुद्ध होगी. सीईओ रजित पुन्हानी ने सभी राज्यों को चेतावनी दी है कि वे सतर्क हो जाएं और किसी भी हाल में खाने की चीजों के साथ समझौता न होने दें.

इन चीजों पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर

Add Zee Business as a Preferred Source

होली पर इस्तेमाल होने वाली चीजों में सबसे ज्यादा मिलावट की आशंका रहती है. इसलिए, FSSAI ने इन श्रेणियों को 'हाई-रिस्क' माना है-

  • दूध और डेयरी उत्पाद: होली पर खोया और दूध की मांग बहुत बढ़ जाती है, यहीं सबसे ज्यादा मिलावट का डर रहता है.
  • मसाले: गुजिया या अन्य पकवानों के लिए इस्तेमाल होने वाले मसालों की शुद्धता अब जांच के दायरे में होगी.
  • खाद्य तेल: तले हुए पकवानों के लिए इस्तेमाल होने वाले तेल की भी सघन जांच होगी.
  • शहद: मिलावटी शहद से बचने के लिए भी कड़े कदम उठाए जा रहे हैं.

FSSAI ने राज्यों को निर्देश दिया है कि वे 'स्पेशल एनफोर्समेंट ड्राइव' यानी विशेष जांच अभियान चलाएं. जो भी कारोबारी नियमों के खिलाफ काम कर रहे हैं, उन पर न सिर्फ सख्त कार्रवाई हो, बल्कि उसकी जानकारी भी जनता को दी जाए.

भर्ती और डेटा से मजबूत होगा तंत्र

होली से पहले ही राज्यों को खाली पड़े फूड सेफ्टी ऑफिसर्स के पदों को भरने को कहा गया है ताकि जांच की गति धीमी न पड़े. इसके अलावा, डेटा का इस्तेमाल करके यह पता लगाया जा रहा है कि किस इलाके में शिकायतों की संख्या ज्यादा है. इससे प्रशासन का समय बचेगा और वे सीधे मिलावटखोरों के अड्डों तक पहुंच सकेंगे.

आपकी शिकायत पर होगी त्वरित कार्रवाई

एफएसएसएआई ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि अगर कोई ग्राहक खाने की किसी चीज को लेकर शिकायत करता है, तो उसका समाधान एक तय समय सीमा के अंदर हो. समय-समय पर बड़े अधिकारियों द्वारा इन शिकायतों का रिव्यू किया जाएगा ताकि कोई भी मामला लटका न रहे.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6