&format=webp&quality=medium)
दिल्ली लाल किला बम ब्लास्ट मामले में आज सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी और उसके ट्रस्टियों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की. सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई छापेमारी को लेकर ईडी की तरफ से कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ईडी सूत्रों के अनुसार, कुल 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गई है.
ईडी की टीमें दिल्ली के ओखला स्थित यूनिवर्सिटी के मुख्यालय, फरीदाबाद कैंपस और ट्रस्टियों के घरों और कार्यालयों पर छापेमारी कर रही हैं. दस्तावेजों की जांच और जब्ती का काम जारी है. ईडी फिलहाल इस मामले से जुड़े संभावित वित्तीय और ऑपरेशनल संबंधों की जांच कर रहा है. सूत्रों के मुताबिक, अल फलाह यूनिवर्सिटी के कामकाज में कई वित्तीय गड़बड़ियां सामने आई हैं.
यूनिवर्सिटी का फाउंडर और चेयरमैन जावेद अहमद सिद्दीकी ईडी के रडार पर है. ईडी जांच कर रही है कि यूनिवर्सिटी शुरू करने के लिए उसके पास करोड़ों रुपए कहां से आए हैं. यूनिवर्सिटी खोलने से पहले सिद्दीकी धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुका है. दिल्ली बम ब्लास्ट मामले में सिद्दीकी को समन भेजा गया था, हालांकि वो पेश नहीं हुआ था.
ये कार्रवाई 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार ब्लास्ट मामले में की जा रही है. इसमें करीब 12 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हो गए थे. इस विस्फोट को आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा माना जा रहा है और इसकी जांच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एनआईए को सौंप दी है. दिल्ली बम ब्लास्ट के बाद अल फलाह यूनिवर्सिटी सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में है. दावा है कि ब्लास्ट की साजिश यहीं से रची गई थी. हालांकि, यूनिवर्सिटी की तरफ से कहा जा रहा है कि कैंपस का इस्तेमाल किसी भी तरह की आतंकी गतिविधियों में नहीं हुआ है. फिलहाल, ईडी की रेड से कई चीजें सामने आने की सम्भावना है.