&format=webp&quality=medium)
दिल्ली सरकार ने ATF पर VAT 25% से घटाकर 7% किया.
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने एविएशन सेक्टर को बड़ी राहत देते हुए बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में दिल्ली कैबिनेट ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) को 25% से घटाकर 7% करने का फैसला किया है. इस कदम से एयरलाइन कंपनियों की लागत कम होने की उम्मीद है, जिसका फायदा आने वाले समय में आम यात्रियों को भी मिल सकता है.
सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की वजह से एयरलाइंस कंपनियां महंगे फ्यूल और एयरस्पेस से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही हैं. लगातार बढ़ती ऑपरेटिंग कॉस्ट ने एयरलाइन इंडस्ट्री पर दबाव बढ़ा दिया है. ऐसे में दिल्ली सरकार का यह कदम सेक्टर के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है.
इससे पहले Maharashtra सरकार भी ATF पर VAT घटाकर 18% से 7% कर चुकी है. महाराष्ट्र में नई दर 14 नवंबर तक लागू रहेगी. इसके बाद अब दिल्ली ने भी टैक्स कम कर एयरलाइन इंडस्ट्री को राहत देने का फैसला लिया है.
केंद्र सरकार भी लंबे समय से राज्यों से ATF पर टैक्स कम करने की अपील कर रही थी. केंद्र ने Tamil Nadu, West Bengal और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से कहा था कि वे जेट फ्यूल पर टैक्स घटाएं क्योंकि यह एयरलाइन कंपनियों की कुल लागत का बड़ा हिस्सा होता है.
ये भी पढ़ें: नीदरलैंड्स पहुंचे पीएम मोदी, भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित, इन मुद्दों पर होगी दोनों देश के बीच बातचीत
इसी बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में भी राहत दी है. सरकार ने ATF एक्सपोर्ट पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (SAED) को 33 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 16 रुपये प्रति लीटर कर दिया है.
वहीं डीजल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी भी 55.5 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 23 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. इससे पहले मार्च और अप्रैल में सरकार ने इन ड्यूटी दरों में बड़ी बढ़ोतरी की थी, लेकिन बाद में समीक्षा के बाद इनमें राहत दी गई.
ATF एयरलाइन कंपनियों की कुल ऑपरेटिंग कॉस्ट का बड़ा हिस्सा होता है. ऐसे में VAT कम होने से कंपनियों का फ्यूल खर्च घट सकता है. अगर एयरलाइंस को लागत में राहत मिलती है तो आने वाले समय में किरायों पर भी इसका असर दिख सकता है. साथ ही एयरलाइन कंपनियों की वित्तीय स्थिति मजबूत होने में भी मदद मिल सकती है.