&format=webp&quality=medium)
क्या अब ई-रिक्शा से सफर करेंगे यूपी के मंत्री? प्रतीकात्मक फोटो (AI/ChatGPT)
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद हुई पहली बड़ी बैठक में CM योगी ने ईंधन बचाने, सरकारी खर्च कम करने और साधारण जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने मंत्रियों और अफसरों से कहा कि सभी मंत्री हफ्ते में कम से कम एक दिन बस, मैट्रो, ई-रिक्शा या दूसरे सार्वजनिक साधनों से सफर करें, ताकि जनता के बीच अच्छा संदेश जाए.
इसके अलावा, CM योगी ने मंत्रियों और बड़े अफसरों से कहा कि अगले 6 महीने तक बहुत जरूरी काम को छोड़कर विदेश यात्राएं न करें. उन्होंने कहा कि अभी दुनिया में हालात ऐसे हैं जहां ईंधन बचाना बहुत जरूरी हो गया है. सिर्फ पैसे बचाने के लिए नहीं, बल्कि देशहित में भी यह जरूरी है.
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से अपनी गाड़ियों का काफिला भी कम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि जरूरत से ज्यादा गाड़ियों का इस्तेमाल बंद होना चाहिए. CM योगी चाहते हैं कि सरकार खुद ऐसा उदाहरण पेश करे, जिससे आम लोग भी प्रेरित हों.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री और अफसर, बस और मैट्रो का इस्तेमाल करें, कारपूलिंग अपनाएं, छोटी दूरी के लिए साइकिल या ई-रिक्शा लें. इसके अलावा सीएम योगी ने ट्रेन यात्रा को बढ़ावा देने की बात भी की. उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत होगी और ट्रैफिक भी कम होगा.
CM योगी ने सरकारी दफ्तरों में बिजली बचाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि AC का तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रखा जाए. जरूरत न हो तो लिफ्ट का इस्तेमाल कम हो और प्राकृतिक रोशनी का ज्यादा इस्तेमाल किया जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां संभव हो वहां ऑनलाइन और हाइब्रिड मीटिंग्स की जाएं. उन्होंने सुझाव दिया कि 50 से ज्यादा कर्मचारियों वाले दफ्तरों में हफ्ते में कम से कम 2 दिन Work From Home भी लागू किया जा सकता है.
CM योगी ने LPG सिलेंडर की जगह PNG कनेक्शन बढ़ाने की बात कही. साथ ही इलेक्ट्रिक गाड़ियों और सोलर एनर्जी को ज्यादा बढ़ावा देने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सरकार नई EV Policy पर भी तेजी से काम करे.
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि उपहार में वही सामान दें जो उत्तर प्रदेश में बना हो. उन्होंने ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना का जिक्र करते हुए लोकल सामान को बढ़ावा देने की बात कही.
ये भी पढ़ें: यूपी वालों की मौज! रात 6 से सुबह 8 बजे तक और छुट्टी के दिन नहीं कटेगी बिजली, स्मार्ट मीटर पर भी आई बड़ी खबर
बैठक में नए मंत्रियों का स्वागत करते हुए CM योगी ने कहा कि जनता हर दिन नेताओं के काम को देखती है. उन्होंने कहा कि सभी मंत्री कम समय में ज्यादा अच्छा काम करें और जनता के लिए उदाहरण बनें.