&format=webp&quality=medium)
इन 2 राज्यों की चमकी किस्मत! मोदी सरकार ने पास किए 2 बड़े हाईवे प्रोजेक्ट. प्रतीकात्मक फोटो (AI/ChatGPT)
बिहार और ओडिशा के लोगों के लिए अच्छी खबर है. केंद्र सरकार ने इन दोनों राज्यों में दो बड़े हाईवे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स (CCEA) ने बिहार में खगड़िया से पूर्णिया तक फोरलेन सड़क और ओडिशा में रामेश्वर से पारादीप तक नया कोस्टल हाईवे बनाने को हरी झंडी दी है. सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से लोगों का सफर आसान होगा और कई इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
बिहार में खगड़िया से पूर्णिया के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-31 और 231 को फोरलेन बनाया जाएगा. इस परियोजना पर ₹3,936.05 करोड़ खर्च किए जाएंगे.
यह सड़क खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया जिलों से होकर गुजरती है. अभी इस मार्ग पर कई जगह ट्रैफिक की समस्या रहती है और कुछ हिस्सों में सड़क की बनावट भी वाहनों की रफ्तार को प्रभावित करती है. ऐसे में सड़क चौड़ी होने के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
परियोजना के तहत पूर्णिया शहर के लिए 6.729 किलोमीटर लंबा नया बाईपास भी बनाया जाएगा. इससे शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
सरकार के मुताबिक सड़क अपग्रेड होने के बाद इस पूरे रूट पर यात्रा का समय घटकर करीब दो घंटे रह सकता है. इससे लोगों का समय बचेगा और वाहनों के संचालन में आने वाला खर्च भी कम हो सकता है. इसके अलावा यह सड़क कई रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट और दूसरे राष्ट्रीय राजमार्गों से भी बेहतर कनेक्टिविटी देगी.
ये भी पढ़ें: Monsoon Update: खुश हुआ केरलम, आखिरकार पहुंच गया मॉनसून; अगले 3 दिनों में यहां-यहां होगी बारिश- देखें मैप
ओडिशा में रामेश्वर से पारादीप तक नया कोस्टल हाईवे बनाया जाएगा. इस परियोजना की लागत ₹8,300.79 करोड़ रखी गई है. करीब 160 किलोमीटर लंबा यह हाईवे खुर्दा, पुरी, केंद्रापड़ा और जगतसिंहपुर जिलों से होकर गुजरेगा. सरकार का कहना है कि तटीय इलाकों में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इस सड़क की जरूरत महसूस की जा रही थी.
यह हाईवे दो चरणों में तैयार होगा. पहले चरण में रामेश्वर से कोणार्क तक 79.4 किलोमीटर लंबा चार लेन हाईवे बनाया जाएगा. वहीं दूसरे चरण में कोणार्क से पारादीप तक 80.78 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी. सरकार का दावा है कि इस सड़क के बनने के बाद रामेश्वर से पारादीप तक सफर में करीब ढाई घंटे की बचत हो सकती है.
ओडिशा का यह नया हाईवे कई महत्वपूर्ण इलाकों को बेहतर सड़क संपर्क देगा. इससे भुवनेश्वर, खुर्दा, पुरी, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर और कटक से जुड़े कई आर्थिक और औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी. इसके अलावा पुरी रेलवे स्टेशन, प्रस्तावित पुरी एयरपोर्ट, अस्तरंग पोर्ट और पारादीप पोर्ट तक पहुंच भी आसान हो सकती है.
सरकार के मुताबिक ओडिशा की इस परियोजना के निर्माण के दौरान बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे. इससे निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. कुल मिलाकर बिहार और ओडिशा के लिए मंजूर किए गए ये दोनों हाईवे प्रोजेक्ट सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और लोगों की यात्रा को आसान बनाने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं.