Bihar Chunav Results 2025: चुनावी रण में 'नारी शक्ति' का 'दम'- सबसे ज्‍यादा इन 6 महिला उम्‍मीदवारों की चर्चा

Bihar Vidhan Sabha Chunav Results 2025: में इस बार महिलाओं का खास दबदबा दिख रहा है. मैथिली ठाकुर, रेणु देवी समेत 6 महिलाओं की चर्चा बहुत जोरों पर है. ये महिला उम्मीदवार राजनीतिक अनुभव, लोकप्रियता और सामाजिक प्रभाव जैसे पहलुओं की वजह से इस बार चुनावी माहौल में चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं.
Bihar Chunav Results 2025: चुनावी रण में 'नारी शक्ति' का 'दम'- सबसे ज्‍यादा इन 6 महिला उम्‍मीदवारों की चर्चा

Bihar Assembly Election Results 2025: बिहार में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनाव की आज मतगणना चल रही है. इस बार कुल 2,616 उम्मीदवारों की किस्‍मत का फैसला आज शाम तक सबके सामने आ जाएगा. इसमें कई दिग्‍गजों के नाम शामिल हैं. लेकिन इन सबके बीच महिला उम्‍मीदवारों की भी खूब चर्चा है इस चुनावी रण में 258 महिला उम्‍मीदवार अपनी किस्‍मत आजमा रही हैं. इनमें से पहले चरण में 122 महिला उम्‍मीदवार और दूसरे चरण में 136 महिला उम्‍मीदवार मैदान में उतरीं. ऐसे में कुछ महिला उम्‍मीदवारों की जोरदार चर्चा है. आइए जानते हैं ऐसे 6 चर्चित महिला उम्मीदवारों के बारे में जो इस बार मुकाबले में खास धमक दिखा रही हैं.

सबसे ज़्यादा चर्चा में ये 6 महिला उम्मीदवार

1. रेणु देवी: एनडीए का मजबूत महिला चेहरा

बेतिया सीट से चुनाव लड़ रहीं रेणु देवी इस बार एनडीए की सबसे सशक्त और हाई-प्रोफाइल महिला उम्मीदवारों में गिनी जा रही हैं. वो बिहार की डिप्टी सीएम रह चुकी हैं और महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर खुलकर बोलने के लिए जानी जाती हैं. उनका राजनीतिक अनुभव, मजबूत सार्वजनिक छवि और संगठन में पकड़ उन्हें इस सीट पर बड़ा दावेदार बनाते हैं.

2. मैथिली ठाकुर: पहली बार चुनाव, लेकिन चर्चा सबसे ज़्यादा

लोकगीतों और मैथिली संगीत के लिए मशहूर 25 साल की मैथिली ठाकुर पहली बार चुनाव मैदान में उतरी हैं. बीजेपी ने उन्हें दरभंगा जिले की अलीनगर सीट से टिकट दिया है. राजनीतिक अनुभव भले ही शून्य है, लेकिन उनकी लोकप्रियता और युवा वोटरों में पकड़ की वजह से वो लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं.

3. दीपा मांझी: पूर्व सीएम परिवार की नई राजनीतिक ताकत

हम पार्टी की उम्मीदवार दीपा मांझी इमामगंज (SC) सीट से चुनाव लड़ रही हैं. वो पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की बहू हैं और महादलित समुदाय में खास पकड़ रखती हैं. एनडीए के सामाजिक समीकरणों की रणनीति में दीपा एक अहम चेहरा मानी जा रही हैं. स्थानीय स्तर पर उनकी सक्रियता भी उन्हें इस सीट पर मजबूत बनाती है.

4. दिव्या गौतम: CPI(ML) की उभरती युवा नेता

दिव्या गौतम, जो बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की कज़िन हैं, इस बार CPI(ML) की तरफ से पटना की हॉट सीट दिघा से मैदान में हैं. वो पहले छात्र राजनीति में काफी सक्रिय रही हैं और AISA की प्रमुख आवाज़ रही हैं. उनकी राजनीतिक समझ, छात्र संगठनों से जुड़ाव और युवा उम्मीदवार के तौर पर उनकी अपील उन्हें इस सूची में खास बनाती है.

5. रितू जायसवाल: निर्दलीय होते हुए भी बदल रहीं मुकाबले की तस्वीर

सीतामढ़ी जिले की परिहार सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं रितू जायसवाल इस बार जोरदार मुकाबला पेश कर रही हैं. पहले राजद की फायरब्रांड नेता और चर्चित मुखिया रही रितू समाजसेवा और नेतृत्व क्षमता के लिए जानी जाती हैं. वो ‘चैंपियंस ऑफ चेंज’ पुरस्कार भी जीत चुकी हैं. उनकी कार्यशैली और जमीनी पकड़ उन्हें इस सीट पर एक बड़ा और कड़ा मुकाबला देती है.

6. लेसी सिंह: जेडीयू की सीनियर महिला नेता और दमदार दावेदार

धमदाहा सीट से जेडीयू की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री लेसी सिंह इस बार फिर चुनाव मैदान में हैं. वो जेडीयू की कोर कमेटी की अहम सदस्य हैं और पार्टी की टॉप महिला लीडरशिप में शुमार की जाती हैं. उनकी उम्मीदवारी एनडीए के महिला-केंद्रित शासन मॉडल और सरकारी योजनाओं को मजबूत तरीके से सामने रखने में बेहद मायने रखती है. क्षेत्र में उनकी पकड़, लंबे राजनीतिक अनुभव और लगातार ग्राउंड कनेक्शन उन्हें इस दौड़ में एक मजबूत और चर्चित महिला उम्मीदवार बनाता है.

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6