AI से बढ़ा साइबर फ्रॉड का खतरा, गृह मंत्रालय की चेतावनी- वीडियो कॉल और फर्जी इंटरव्यू से रहें सतर्क

AI आधारित साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों को देखते हुए गृह मंत्रालय के तहत I4C ने एडवाइजरी जारी की है. एजेंसी ने चेतावनी दी है कि ठग डीपफेक वीडियो, वॉइस क्लोन और नकली ऑनलाइन इंटरव्यू के जरिए पहचान सत्यापन को बायपास कर सकते हैं.
AI से बढ़ा साइबर फ्रॉड का खतरा, गृह मंत्रालय की चेतावनी- वीडियो कॉल और फर्जी इंटरव्यू से रहें सतर्क

AI से बढ़ रहा साइबर फ्रॉड का खतरा (फाइल फोटो)

देश में तेजी से बढ़ते साइबर फ्रॉड के मामलों के बीच गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने लोगों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अब ठग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके लोगों की पहचान चुराने और बैंकिंग व डिजिटल अकाउंट तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

एडवाइजरी के मुताबिक साइबर अपराधी अब डीपफेक वीडियो, सिंथेटिक पहचान (Synthetic Identity), AI आधारित वॉइस क्लोनिंग और चेहरे की रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल करके पहचान सत्यापन (Authentication) सिस्टम को भी धोखा देने की कोशिश कर सकते हैं.

कैसे काम कर रहे हैं साइबर ठग?

I4C के तहत काम करने वाली नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने पाया है कि ठग अब सीधे बैंक डिटेल मांगने की बजाय नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं.

इसके लिए कई तरीके अपनाए जा रहे हैं:

  • फर्जी वीडियो कॉल
  • नकली ऑनलाइन जॉब इंटरव्यू
  • सोशल इंजीनियरिंग तकनीक
  • चेहरे के हावभाव रिकॉर्ड करना
  • टेक्स्ट पढ़वाकर आवाज का सैंपल लेना

एडवाइजरी के मुताबिक ऐसे वीडियो और वॉइस डेटा का इस्तेमाल करके नकली डिजिटल पहचान बनाई जा सकती है.

KYC और पहचान सत्यापन पर भी खतरा

गृह मंत्रालय ने चेताया कि AI से तैयार वीडियो और वॉइस क्लोन का इस्तेमाल KYC, लॉगिन वेरिफिकेशन और अन्य डिजिटल पहचान प्रक्रियाओं को बायपास करने के लिए किया जा सकता है.

इससे अपराधी बिना जानकारी के किसी व्यक्ति के नाम पर वित्तीय अकाउंट खोल सकते हैं या डिजिटल सेवाओं तक पहुंच बना सकते हैं. ऐसे मामलों में पहचान चोरी (Identity Theft) और वित्तीय नुकसान का जोखिम बढ़ सकता है.

लोगों को क्या सावधानी बरतने की सलाह?

I4C ने नागरिकों और संस्थाओं को कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है.

ध्यान रखें:

  • किसी अनजान वीडियो कॉल में चेहरे के हावभाव दिखाने से बचें
  • ऑनलाइन इंटरव्यू में बिना जरूरत कोई टेक्स्ट पढ़कर न सुनाएं
  • किसी अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी साझा न करें
  • लॉगिन, अकाउंट रिकवरी और KYC नोटिफिकेशन पर नजर रखें
  • मोबाइल नेटवर्क अचानक बंद हो जाए तो तुरंत टेलीकॉम कंपनी से संपर्क करें

शिकायत कहां करें?

अगर किसी तरह की साइबर धोखाधड़ी, संदिग्ध गतिविधि या पहचान चोरी की आशंका लगे तो तुरंत शिकायत दर्ज करें.

इसके लिए:

  • राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन: 1930
  • राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल: cybercrime.gov.in

गृह मंत्रालय और I4C ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन गतिविधि में सतर्क रहें और केवल आधिकारिक सलाह और अपडेट पर भरोसा करें.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6