&format=webp&quality=medium)
आधार एक्ट 2016 की धारा 32(3) के मुताबिक UIDAI निजी जानकारी जमा नहीं कर सकता है.
हमारे जीवन में आधार (Aadhaar) की उपयोगिता दिनोदिन बढ़ती जा रही है. इसके साथ ही आधार के इस्तेमाल और सुरक्षा से जुड़े कुछ ऐसे सवाल भी हैं जो आपको अक्सर परेशान करते हैं. एक सबसे बड़ी शंका ये रहती है कि आधार के जरिए आपकी प्रत्येक एक्टिविटी की जानकारी UIDAI के पास पहुंच जाती है. कई लोगों के मन में ये सवाल है कि 'क्या UIDAI के पास मेरा पूरा डेटा है, जैसे बायोमेट्रिक्स, बैंक एकाउंट, पैन आदि. क्या वो मेरी गतिविधियों की निगरानी कर सकता है?'
ये आशंका पूरी तरह गलत है. आधार की व्यवस्था देखने वाली संस्था UIDAI की वेबसाइट पर दी जानकारी के मुताबिक उसके पास न्यूनतम जानकारी होती है. ये जानकारी उतनी ही होती है जिसे आप एनरोलमेंट या अपडेट के समय देते हैं. UIDAI के पास सिर्फ ये जानकारी रहती है-
1. आपका नाम, पता, लिंग, जन्मतिथि.
2. 10 फिंगर प्रिंट्स, दो IRIS स्कैन, फेसियल फोटोग्राफ.
3. मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी.
UIDAI के मुताबिक उसके पास आपके बैंक खातों की जानकारी, शेयर की जानकारी, म्यूचुअल फंड या किसी वित्तीय और प्रापर्टी संबंधी डिटेल नहीं होती है. आधार के डेटाबेस में इनमें से कोई जानकारी कभी नहीं होती है. UIDAI ने बताया कि आधार एक्ट 2016 की धारा 32(3) के मुताबिक UIDAI पर इस बात की सख्त पाबंदी है कि वह खुद या किसी दूसरी संस्था के जरिए यूजर्स की गतिविधि संबंधी डेटा को जमा करे.