&format=webp&quality=medium)
LPG Price Today: नए साल के पहले दिन ही महंगाई का झटका लगा है. आज तेल और गैस सेक्टर से जुड़ी कई अहम कीमतों में बदलाव देखने को मिला. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने जहां कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा किया है, वहीं एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) और CNG-PNG की कीमतों में कटौती की गई है. इन बदलावों का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, एविएशन सेक्टर और आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा.
1 जनवरी 2026 से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में करीब ₹111 की बढ़ोतरी की गई है. इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने यह बढ़ोतरी लागू की है. इसका असर खासतौर पर होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारी प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा, जहां कमर्शियल गैस का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है. घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है.
1 जनवरी 2026 से लागू नई दरों के मुताबिक, महानगरों में इंडेन के 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव देखने को मिला है. दिल्ली में 19 किलो सिलेंडर की कीमत ₹1,691.50 तय की गई है, जबकि कोलकाता में यह बढ़कर ₹1,795.00 हो गई है. मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹1,642.50 रखी गई है, वहीं चेन्नई में यह सबसे ज्यादा ₹1,849.50 प्रति सिलेंडर पर पहुंच गई है. ये दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हैं और होटल, रेस्टोरेंट व अन्य कमर्शियल उपभोक्ताओं पर सीधा असर डालेंगी.
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमतों में लगभग ₹7,353.75 प्रति किलोलीटर की कटौती की है. नई दरें आज से लागू हो गई हैं. ATF कीमतों में यह कमी एयरलाइंस के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है, क्योंकि उनके कुल खर्च में ईंधन की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा होती है. इससे आने वाले दिनों में हवाई किराए पर दबाव कम हो सकता है, खासकर घरेलू उड़ानों के लिए.
LIVE TV यहां देखें:
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने नए साल पर उपभोक्ताओं को राहत देते हुए दिल्ली-NCR में PNG की कीमतों में करीब ₹0.70 प्रति यूनिट की कटौती की है. इसके अलावा, कंपनी ने अपने सभी सर्विस एरिया में CNG के दामों में भी ₹3 तक की कमी की है. यह कटौती निजी वाहन चालकों और कमर्शियल ट्रांसपोर्ट दोनों के लिए राहत लेकर आई है.
आज से IGL के नेटवर्क में ‘वन नेशन वन टैरिफ’ सिस्टम लागू हो गया है. इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों में PNG और CNG की कीमतों में जो अंतर था, उसे खत्म किया गया है. अब एक ही गैस ग्रिड से जुड़े सभी इलाकों में समान टैरिफ लागू होगा, जिससे कीमतों में पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को लंबे समय में स्थिर दरों का फायदा मिल सकता है.
कुल मिलाकर, 2026 की शुरुआत में जहां कमर्शियल एलपीजी महंगा हुआ है, वहीं ATF और CNG-PNG की कीमतों में कटौती से एविएशन सेक्टर और आम उपभोक्ताओं को कुछ राहत जरूर मिली है. आने वाले महीनों में इन बदलावों का असर महंगाई और कारोबार दोनों पर नजर आएगा.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)