&format=webp&quality=medium)
India Forex Reserves: देश का विदेशी मुद्रा भंडार 28 मार्च को समाप्त हफ्ते में 6.60 अरब डॉलर बढ़कर 665.40 अरब डॉलर हो गया. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को कहा कि पिछले हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार 4.53 अरब डॉलर बढ़कर 658.8 अरब डॉलर हो गया था. यह लगातार चौथा हफ्ता है जब विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी हुई है.
हाल ही में पुनर्मूल्यांकन और रुपये में उतार-चढ़ाव को कम करने के लिए केंद्रीय बैंक के हस्तक्षेप के कारण इसमें गिरावट आई थी. सितंबर 2024 में विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 704.89 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था.
रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के अनुसार, 28 मार्च को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) का महत्वपूर्ण हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 6.16 अरब डॉलर बढ़कर 565.01 अरब डॉलर हो गईं. डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है.
ये भी पढ़ें- एनर्जी थीम पर आधारित नई स्कीम में निवेश का मौका, ₹100 से कर सकते हैं शुरुआत, जानें जरूरी डीटेल
समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार (Gold Reserve) का मूल्य 51.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 77.79 अरब डॉलर हो गया. विशेष आहरण अधिकार (SDR) 6.5 करोड़ डॉलर घटकर 18.18 अरब डॉलर रहा. आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास भारत का आरक्षित भंडार 1.6 करोड़ डॉलर घटकर 4.41 अरब डॉलर रह गया.