&format=webp&quality=medium)
Gold-Silver Price Today: सोना और चांदी की कीमतों में बुधवार को जबरदस्त तेजी दर्ज की गई. दोनों कीमती धातुएं अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं. जहां 24 कैरेट सोना 1.06 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार निकल गया, वहीं चांदी भी 1.23 लाख रुपये प्रति किलो से ऊपर जा पहुंची है. निवेशकों के बीच इस तेजी ने हलचल मचा दी है.
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा बुधवार शाम जारी आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोना 1,597 रुपये चढ़कर 1,06,021 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है. मंगलवार को इसका भाव 1,04,424 रुपये था.
22 कैरेट सोना भी 95,652 रुपये से बढ़कर 97,115 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. वहीं, 18 कैरेट सोना 78,318 रुपये से चढ़कर 79,516 रुपये पहुंच गया है.
सोने के साथ-साथ चांदी की चमक भी बढ़ गई है. बुधवार को चांदी का भाव 387 रुपये उछलकर 1,23,220 रुपये प्रति किलो हो गया. मंगलवार को यह 1,22,833 रुपये पर थी.
IBJA हर दिन सुबह और शाम को सोना-चांदी के दाम अपडेट करता है, जिससे बाजार की ताजा स्थिति पता चलती है.
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोना-चांदी में तेजी देखी गई. अक्टूबर 2025 के गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट 0.62% बढ़कर 1,06,447 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचे. दिसंबर 2025 के सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट 0.27% बढ़कर 1,24,863 रुपये प्रति किलो पर रहे.
वैश्विक स्तर पर भी सोना और चांदी में मजबूती दर्ज की गई. कॉमैक्स पर सोना 0.63% चढ़कर 3,615 डॉलर प्रति औंस पर रहा. चांदी 0.41% की तेजी के साथ 41.240 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.
वेंचुरा के कमोडिटी डेस्क और सीआरएम हेड एन. एस. रामास्वामी ने कहा, “सोना अब केवल महंगाई से बचाव का साधन नहीं रह गया है. वैश्विक केंद्रीय बैंकों के विदेशी मुद्रा भंडार में बदलाव इसका मुख्य कारण है. यही वजह है कि कॉमेक्स फ्यूचर्स 3,600 डॉलर के पार पहुंच गए हैं.”
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व जल्द ब्याज दरों में कटौती कर सकता है. वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीतियों पर असमंजस ने भी सोने को मजबूती दी है.
सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बढ़त से यह साफ है कि निवेशकों का झुकाव इन धातुओं की ओर बढ़ रहा है. जहां सोना सुरक्षित निवेश का साधन माना जाता है, वहीं चांदी में भी औद्योगिक मांग बढ़ने की वजह से तेजी देखी जा रही है. विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले दिनों में भी सोना-चांदी की कीमतें ऊंचाई पर बनी रह सकती हैं. हालांकि, निवेश करने से पहले बाजार की स्थिति और अपने जोखिम स्तर को ध्यान में रखना जरूरी है.
Q1. 24 कैरेट सोने का भाव कितना हो गया है?
24 कैरेट सोना 1,06,021 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है.
Q2. चांदी की कीमत कितनी बढ़ी है?
चांदी 387 रुपये चढ़कर 1,23,220 रुपये प्रति किलो हो गई है.
Q3. सोने-चांदी की कीमतें किस वजह से बढ़ी हैं?
वैश्विक केंद्रीय बैंकों की पॉलिसी, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर में कटौती की उम्मीद और अंतरराष्ट्रीय बाजार की अनिश्चितताओं से तेजी आई है.
Q4. वायदा बाजार (MCX) में सोने का कॉन्ट्रैक्ट किस स्तर पर है?
अक्टूबर 2025 का गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट 1,06,447 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है.
Q5. क्या आने वाले दिनों में दाम और बढ़ सकते हैं?
विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल सोना-चांदी ऊंचाई पर रह सकते हैं, हालांकि निवेश से पहले बाजार का रुख देखना जरूरी है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)