पंजाब सरकार ने 'रोहू' को घोषित किया स्टेट फिश, ₹200 प्रति किलो है भाव, जलीय संरक्षण को बढ़ावा

PMMSY Scheme: पंजाब में 43,683 एकड़ भूमि मछली पालन के लिए समर्पित है, जिससे प्रतिवर्ष 2,00,000 मीट्रिक टन मछली का उत्पादन होता है.
पंजाब सरकार ने 'रोहू' को घोषित किया स्टेट फिश, ₹200 प्रति किलो है भाव, जलीय संरक्षण को बढ़ावा

PMMSY Scheme: पंजाब सरकार ने राज्य की जलीय जैव विविधता के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए रोहू (Labeo Rohita) को आधिकारिक तौर पर राज्य मछली घोषित कर दिया है. यह घोषणा पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने की. उन्होंने इस कदम के लिए मत्स्य विभाग और सभी हितधारकों को बधाई दी और उनके प्रयासों को सराहा.

रोहू का महत्व और पंजाब की जलीय अर्थव्यवस्था

मंत्री खुडियां ने पंजाब के समृद्ध जलीय संसाधनों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राज्य में 43,683 एकड़ भूमि मछली पालन के लिए समर्पित है, जिससे प्रतिवर्ष 2,00,000 मीट्रिक टन मछली का उत्पादन होता है.

  • रोहू का योगदान- इस कुल उत्पादन में रोहू का महत्वपूर्ण योगदान है, जिसका उत्पादन 42,353 मीट्रिक टन है, जो कुल उत्पादन का 21.18% है.
  • बाजार मूल्य- रोहू का बाजार मूल्य वर्तमान में ₹160-200 प्रति किलोग्राम है.
  • पोषण मूल्य- रोहू मछली प्रोटीन, विटामिन A, B और D और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर है, जिसके कारण यह न सिर्फ पंजाब में, बल्कि अन्य राज्यों में भी एक पसंदीदा व्यंजन है.

यह बेशकीमती मछली अपने प्राकृतिक आवासों में 45 किलोग्राम तक बढ़ सकती है, जिसे इसके फ्यूसीफॉर्म शरीर और बड़े चक्राकार शल्कों से पहचाना जाता है.

संरक्षण और आर्थिक विकास का लक्ष्य

रोहू को राज्य मछली घोषित करने से दोहरे फायदे होंगे. जलाशयों में इसकी संख्या बढ़ाने के लिए लक्षित नीतियां तैयार की जा सकेंगी. इस कदम से जलीय कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY scheme) के तहत मछली पालन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही है. इस योजना के तहत ₹30.63 करोड़ की सब्सिडी के साथ 637 लाभार्थियों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं.

इस पहल का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देना और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करना है। इस घोषणा के समय मत्स्य पालन निदेशक गुरप्रीत सिंह और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे.

FAQs


Q1. पंजाब की नई राज्य मछली किसे घोषित किया गया है?
रोहू को पंजाब की राज्य मछली घोषित किया गया है.

Q2. यह घोषणा किसने की?
पंजाब के पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री ने यह घोषणा की.

Q3. रोहू को राज्य मछली क्यों घोषित किया गया है?
राज्य की जलीय जैव विविधता के संरक्षण और संवर्धन को सुनिश्चित करने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है.

Q4. पंजाब में रोहू का वार्षिक उत्पादन कितना है?
रोहू का उत्पादन 42,353 मीट्रिक टन है, जो राज्य के कुल मछली उत्पादन का 21.18% है.

Q5. रोहू का औसत बाजार मूल्य क्या है?
रोहू की कीमत वर्तमान में ₹160-200 प्रति किलोग्राम है.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source