Mushroom Farming: अगर आप एक किसान हैं और मशरूम की खेती करना चाहते हैं तो यह आपके काम की खबर है. दरअसल मशरूम की खेती (Mushroom Cultivation) के लिए बिहार सरकार अनुदान दे रही है. ऐसे किसान आवेदन कर मशरूम उत्पादन के जरिए बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं.
1/6बिहार सरकार राज्य में कृषि के सतत विकास और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार इनोवेशन कर प्रोत्साहित कर रही है. इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए वित्त वर्ष 2025-26 में एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत मशरूम उत्पादन (Mushroom Production) को बढ़ावा देने के लिए 4 करोड़ रुपये की योजना की मंजूरी दी गई है. यह योजना राज्य में मशरूम उत्पादन को संगठित और आधुनिक बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी.
2/6इस योजना के तहत प्राइवेट सेक्टर में मशरूम उत्पादन से जुड़ी अलग-अलग इकाइयों की स्थापना के लिए किसानों को वित्तीय सहायता दी जाएगी. इसमें वातानुकूलित मशरूम उत्पादन यूनिट, कम्पोस्ट यूनिट और स्पॉन यूनिट शामिल हैं.
3/6मशरूम उत्पादन और कम्पोस्ट यूनिट की यूनिट कॉस्ट 30 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिस पर 40 फीसदी यानी 12 लाख रुपये का सहायतानुदान दिया जाएगा. स्पॉन यूनिट के लिए 20 लाख रुपये की लागत पर 40 फीसदी यानी 8 लाख रुपये अनुदान निर्धारित है. इसके अलावा छोटे पैमाने पर उत्पादन के लिए 2 लाख रुपये की यूनिट कॉस्ट पर 50 फीसदी यानी 1 लाख रुपये प्रति यूनिट अनुदान दिया जाएगा.
4/6पात्र किसानों को डीबीटी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मंजूर किए जाएंगे, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और इच्छुक किसान को समय पर फायदा मिल सके.
5/6आवेदन के साथ कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स की जरूरत होगी. इसमें किसान का आधार कार्ड, किसान का पासपोर्ट साइज फोटो, जमीन की अपडेटेड रसीद और किसान रजिस्ट्रेशन रसीद आदि.
6/6मशरूम यूनिट पर सब्सिडी का फायदा बिहार के किसान ही उठा सकते हैं. किसान मशरूम यूनिट लगाने के लिए सब्सिडी पाना चाहते हैं तो उन्हें एकीकृ़त बागवानी मिशन के तहत आवेदन करना होगा. इसके लिए किसान बिहार कृषि विभाग, बागवानी निदेशालय की आफिशियल वेबसाइट http://horticulture.bihar.gov.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.