Agri Business Idea: सर्दियों के मौसम में रंग-बिरंगे फूलों की खेती कमाई का बेहतर आइडिया साबित हो सकता है. गुलदाउदी (Chrysanthemums), दुनिया में व्यावसायिक रूप से उगाई जाने वाली सबसे महत्वपूर्ण फूलों की फसलों में से एक है. इसके फूल का इस्तेमाल मुख्य रूप से पूजा-पाठ, माला, गजरा और अन्य सजावटी काम में किया जाता है. इस फूल की बढ़ती मांग के कारण इसकी व्यावसायिक खेती तगड़ी कमाई करा सकती है.
1/6गुलदाउदी की खेती के लिए 8 से 16 डिग्री तामपान बेहतर रहता है. इसे सभी प्रकार की मिट्टी में उगाया जा सकता है लेकिन अधिक फूल उत्पादन के लिए अच्छे जल निकासी वाली दोमट मिट्टी सबसे अच्छी रहती है. पौधे के विकास के लिए धूप वाली खुली जगह उपयुक्त रहती है. मिट्टी का पीएच मान 6.5 होना चाहिए.
2/6गुलदाउदी में एकवर्षीय और बहुवर्षीय दोनों प्रकार की किस्में पायी जाती है. एकवर्षीय स्थायी किस्में- सफेद, पीली और बहुरंगी किस्म है. एकवर्षीय गुलदाउदी बीजों द्वारा उगाई जाती है. वहीं, बहुवर्षीय किस्मों में- वसंतिका, मीरा, शारदा, कुंदन, बीरबल साहनी, नानाको, बागी, सलेक्शन 5, सलेक्शन 4, रेडगोल्ड, फ्लिर्ट, श्यामल, मेधामी और गुल शाहिर हैं. बहुवर्षीय किस्म को कलम और अंत:भूस्तरियों द्वारा लगाया जाता है.
3/6खेत में पौधों की रोपाई करते समय पौधे से पौधे और कतार से कतार की दूरी छोटे फूलों वाली किस्मों में 25 से 30 सेमी और बड़े फूलों वाली किस्मों में 50 सेमी रखना चाहिए. खेत में खरपतवार नहीं पनपे इसके लिए समय-समय पर निराई-गुड़ाई करते रहना चाहिए. पहली निराई रोपाई के एक महीने बाद करनी चाहिए. खेत से खरपतवारों को नियंत्रित करने के लिए शाकनाशी का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
4/6गुलदाउदी फूल के अच्छे उत्पादन के जरूरी है कि इसके रोग और कीटों से बचाएं. गुलदाउदी में जड़ सड़न, लीफ स्पॉट और विल्ट रोग लगते हैं. इसको नियंत्रण करना जरूरी है. जड़ सड़न रोग की रोकथाम के लिए 2.5 ग्राम प्रति लीटर की दर से थीरम या कैप्टॉन या दोनों के मिश्रण से मिट्टी को भिगोएं. लीफ स्पॉट के मामले में संक्रमित पत्तियों को जलाकर नष्ट कर दें. कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 0.2% का छिड़काव करें. वहीं, विल्ट को नियंत्रित करने के लिए डायथेन एम-45 0.2% के साथ मिट्टी का उपचार करें. रोपण से पहले जड़ वाली कटिंग को बेनोमाइल सस्पेंशन में डुबोएं. प्रतिरोधी किस्मों का इस्तेमाल करें.
5/6गुलदाउदी में सनफ्लावर लेस विंग बग कीट प्रबंधन के लिए मोनोक्रोटोफॉस 36 एस.एल 1.5 मिली या मिथाइल डिमेटान 25 ई.सी 1 मिली. प्रति लीटर पानी की दर से छिड़काव करें. मूलग्रंथि सूत्रकृमि रोग की रोकथाम के लिए पौधा तैयार करते समय कार्बोफ्यूरॉन 3 जी 6 ग्राम प्रति वर्ग मीटर की दर से डालें. एफिड्स- इसके नियंत्रण के लिए मोनोक्रोटोफॉस 36 एस.एल 1.5 मिली या मिथाइल डिमेटान 25 ई.सी 1 मिली प्रति लीटर पानी के साथ पखवाड़े के अंतराल पर छिड़काव करें.
6/6गुलदाउदी (Guldaudi) के फूलों के लिए दिन छोटा और रात लंबी होना जरूरी है. फूलों के खिल जाने पर नियमित रूप से फूलों की तुड़ाई करते रहना चाहिए ताकि पौधे पर नई कलियां लगातार आती रहें और ज्यादा उपजा मिल सके. कटे हुए फूलों के फूलदान के जीवन को बढ़ाने के लिए तने के निचले भाग को पानी में रखा जाता है. फूलों की सुरक्षा का सबसे अच्छी तरीका है, गुच्छों को पारदर्शी प्लास्टिक की शीट से ढकें. प्रति हेक्टेयर 100-150 क्विंटल फूलों की उपज होती है. गुलदाउदी का रेट 150 से 400 रुपये किलोग्राम है. अगर किसान भाई एक हेक्टेयर में इसकी खेती करते हैं, तो बंपर कमाई कर सकते हैं.