&format=webp&quality=medium)
Cooperative Insurance Company: सहकारिता मंत्रालय ने देशभर में सहकारी क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए कई फैसले लिए हैं. केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि केंद्र सरकार सहकारी क्षेत्र में बीमा सेवाओं की सुविधा के लिए एक सहकारी बीमा कंपनी (Cooperative Insurance Company) स्थापित करेगी और इससे कई नए अवसर खुलेंगे. नई इकाई से सहकारी संस्थाओं के लिए जरूरत के मुताबिक बीमा समाधान उपलब्ध होंगे, साथ ही बेहतर जोखिम कवरेज और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित होगी.
इसके अलावा, केंद्र सरकार ने दो लाख प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां (PACS) स्थापित करने का फैसला किया, जिससे हर पंचायत में उनकी उपस्थिति संभव हो पाएगी. नई PACS बहुआयामी होंगी और वे 22 अलग-अलग गतिविधियां कर सकेंगी. उन्होंने कहा, प्राथमिक कृषि निधि प्रदान करने के वर्तमान काम के अलावा, पीएसीएस पेट्रोल पंप चलाने, गैस वितरण करने, 'हर घर नल से जल योजना' के तहत रखरखाव करने और रेलवे और हवाई टिकट बुकिंग करने सहित अलग-अलग काम करेंगी.
ये भी पढ़ें- Success Story: पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद खेती को बनाया आय का जरिया, अब कमा रहा लाखों रुपये का मुनाफा
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें
नैफेड (NAFED) द्वारा आयोजित सम्मेलन में अपने भाषण में केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि 71,000 PACS में से लगभग 52,000 कम्प्यूटरीकरण और संबंधित पहलों के कारण सक्रिय हो गए हैं. उन्होंने आगे कहा, "पूरी दुनिया के लिए सहकारिता एक व्यवस्था हो सकती है, लेकिन भारत के लिए सहकारिता हमारी पारंपरिक जीवन पद्धति का दर्शन है. साथ आना, साथ सोचना, एक लक्ष्य की ओर मिलकर काम करना, सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहना - यही भारत के जीवन दर्शन की आत्मा है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा, चाहे देशभर में किसानों के अनाज की एमएसपी (MSP) पर खरीद हो या पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना (PM Garib Kalyan Anna Yojana) के तहत हर गरीब को 5 किलो मुफ्त अनाज उपलब्ध कराना हो, एनसीसीएफ (NCCF) और नैफेड (NAFED) इन सभी पहलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
ये भी पढ़ें- धान की ये वैरायटी 3 महीने में हो जाती है तैयार! किसान इस तकनीक से करें बुवाई, 15% तक बढ़ेगी पैदावार
उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने एक डेटाबेस तैयार किया है, जो राज्य रजिस्ट्रार स्तर पर भी उपलब्ध होगा. इसके अतिरिक्त, केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय, जो राष्ट्रीय स्तर पर काम करेगा, का शिलान्यास अगस्त तक हो जाएगा.