&format=webp&quality=medium)
Chane ki kheti: चना रबी सीजन की प्रमुख फसल है. यह एक नकदी फसल है. अक्टूबर से नवंबर के महीने में इसकी बुवाई का सही समय होता है. चना मिट्टी की उर्वरता को बढ़ाने में भी मदद करता है, क्योंकि यह नाइट्रोजन स्थिरीकरण करता है. कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि अगर किसान उचित समय, सही तकनीक और रोग प्रबंधन पर ध्यान दें, तो चना की उपज में 15-25% तक बढ़ोतरी संभव है.
यूपी कृषि विभाग के मुताबिक, चना की बुवाई अक्टूबर से नवंबर के बीच सर्वोत्तम रहती है. इससे पौधों को अनुकूल तापमान मिलता है और दाना भरने के समय ठंड उपलब्ध रहती है. मिट्टी की बात करें तो दोमट या काली मिट्टी चना के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती है, जिसमें जलनिकासी अच्छी हो.
बीज बोने से पहले उपचार बेहद जरूरी है. बीज को फफूंदनाशक और राइजोबियम से उपचारित करें.इससे अंकुरण बेहतर होता है और पौधे रोगों के प्रति मजबूत बनते हैं.
कतारों की दूरी 30-45 सेमी और पौधो की दूरी 10-15 सेमी रखकर 5-7 सेमी गहराई में बीज बोए जाते हैं.
चना एक दलहनी फसल है, इसलिए इसे नाइट्रोजन की कम जरूरत होती है. खाद में गोबर खाद 8-10 टन और DAP 100-120 किग्रा प्रति हेक्टेयर देना पर्याप्त होता है.
चना की फसल को बहुत कम पानी की जरूरत होती है. इस फसल में केवल फूल और दाना भरने के समय सिंचाई की जाती है.
समय पर नियंत्रण न करने पर कीट और रोग उपज को काफी कम कर सकते हैं. कीटों में पोदी सुंडी और रोगों मे झुलसा प्रमुख हैं, जिनका समय पर नियंत्रण जरूरी है.
जब खेत में 80-90% फलियां सूख जाएं और पत्तियां पीली पड़कर झड़ने लगें, तब चना की कटाई शुरू कर देनी चाहिए. इस अवस्था में कटाई करने से दानों की गुणवत्ता अच्छी रहती है और झड़ने के कारण होने वाला नुकसान कम होता है.
बदलते मौसम और बाजार की मांग को देखते हुए चना किसानों के लिए लाभदायक फसल बनी हुई है. अगर किसान वैज्ञानिक पद्धति से खेती करें तो प्रति हेक्टेयर उपज और लाभ दोनों बढ़ सकते हैं.
1. चना की बुवाई का सही समय क्या है?
चना की बुवाई अक्टूबर से नवंबर तक करना सबसे उचित माना जाता है.
2. चना के लिए किस प्रकार की मिट्टी सबसे अच्छी होती है?
दोमट मिट्टी जिसमें अच्छी जल निकासी हो, चना के लिए सर्वोत्तम होती है.
3. बुवाई से पहले बीज उपचार क्यों जरूरी है?
यह रोगों से बचाव करता है.
4. बुवाई के दौरान कतार और पौधों की दूरी कितनी होनी चाहिए?
कतारों के बीच की दूरी 30-45 सेंटीमीटर और पौधों के बीच की दूरी 10-15 सेंटीमीटर रखनी चाहिए.
5. चना की फसल में कितना खाद और उर्वरक डालना चाहिए?
प्रति हेक्टेयर 8-10 टन गोबर की खाद और 100-120 किलोग्राम DAP डालना पर्याप्त होता है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)