&format=webp&quality=medium)
Warren Buffet Retires: दुनिया के सबसे प्रसिद्ध निवेशक और बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन वॉरेन बफेट ने आखिरकार इस साल के अंत तक CEO पद छोड़ने की घोषणा कर दी है. 93 वर्षीय बफेट ने अपने आखिरी पत्र में शेयरधारकों और प्रशंसकों को भावुक संदेश लिखा. उन्होंने अपने करीब 1.35 अरब डॉलर (लगभग ₹11,000 करोड़) के शेयर चार पारिवारिक ट्रस्टों को दान किए हैं. बफेट के उत्तराधिकारी के रूप में कंपनी की कमान ग्रेग एबेल संभालेंगे, जिन्हें बफेट ने “कुशल, मेहनती और ईमानदार लीडर” बताया है.
1965 से अब तक बफेट हर साल निवेशकों के लिए वार्षिक पत्र लिखते रहे हैं, जिसे निवेश की ‘बाइबल’ कहा जाता था. यह पत्र अब उनकी आखिरी सार्वजनिक चिट्ठी है, जिसमें उन्होंने अपने जीवन, निवेश और इंसानियत से जुड़ी कुछ अनमोल बातें साझा कीं.
1. गलतियों से डरो मत, उनसे सीखो
बफेट ने लिखा “अपने बीते हुए गलत फैसलों पर खुद को दोष मत दो. उनसे थोड़ा सीखो और आगे बढ़ो. सुधारने के लिए कभी देर नहीं होती.” यह उनके निवेश दर्शन की सबसे गहरी बातों में से एक है, बाजार में या जीवन में, हर गलती एक सबक है, हार नहीं.
2. अपने ‘रोल मॉडल’ चुनो और उन्हें फॉलो करो
उन्होंने कहा “सही हीरो चुनो और उन्हें कॉपी करो.” बफेट के अनुसार, अपने जीवन में सही आदर्श चुनना उतना ही जरूरी है जितना सही शेयर चुनना. उन्होंने अपने मेंटर टॉम मर्फी को सबसे बेहतरीन इंसान बताया.
3. अपनी विरासत धन नहीं, अच्छाई से बनाओ
बफेट ने लिखा- “महानता धन, ताकत या प्रसिद्धि से नहीं आती. जब आप किसी की मदद करते हैं, तो आप दुनिया की मदद करते हैं.” उनका संदेश था कि जीवन की असली सफलता दूसरों की भलाई में है, न कि सिर्फ मुनाफे में.
4. सोचो, लोग तुम्हारे जाने के बाद क्या कहेंगे
बफेट ने अल्फ्रेड नोबेल की कहानी का ज़िक्र करते हुए कहा- “सोचो, अगर आज तुम्हारी मृत्यु हो जाए, तो तुम्हारी मृत्यु-सूचना में क्या लिखा जाएगा. फिर वैसा जीवन जियो, जो उस लेख को सही साबित करे.” यह आत्मचिंतन का संदेश है- खुद को रोज़ बेहतर बनाने की कोशिश करो.
5. विनम्र रहो, सबके साथ बराबरी से पेश आओ
पत्र के अंत में उन्होंने लिखा- “यह याद रखो कि सफाई करने वाली भी उतनी ही इंसान है जितना चेयरमैन.” यह बफेट के विनम्र स्वभाव की झलक है- सफलता के बावजूद ज़मीन से जुड़े रहना.
वॉरेन बफेट का जीवन संदेश सिर्फ शेयर मार्केट के लिए नहीं, बल्कि हर इंसान के लिए है. उन्होंने सिखाया कि निवेश में धैर्य, जीवन में ईमानदारी और सफलता में विनम्रता सबसे बड़ी पूंजी है. बफेट के शब्दों में- “जब आप किसी की किसी भी तरह मदद करते हैं, तो आप दुनिया की मदद करते हैं. दयालुता की कोई कीमत नहीं, लेकिन उसका मूल्य अनमोल है.”