&format=webp&quality=medium)
दूरसंचार विभाग (DoT) ने Vodafone Idea की लाइसेंस फीस का दोबारा आकलन (री-असेसमेंट) पूरा कर लिया है. सूत्रों के मुताबिक ब्याज और पेनल्टी में राहत मिलने के बाद कंपनी पर बकाया कुल रकम में करीब 60 से 65% तक की कमी आ सकती है. हालांकि इस पर अंतिम फैसला एक रिटायर्ड IAS अधिकारी की अध्यक्षता वाली कमेटी करने वाली है.
जानकारी के अनुसार सभी CCA (Controller of Communication Accounts) ने लाइसेंस फीस का री-असेसमेंट पूरा कर लिया है. अब विभाग ने इसे 22 फरवरी तक खत्म करने का निर्देश दिया था.वैसे अभी स्पेक्ट्रम यूसेज चार्ज (SUC) का आकलन बाकी है, जो मार्च के लास्ट तक पूरा होने की उम्मीद है. AGR में लाइसेंस फीस और SUC दोनों शामिल होते हैं. अब इस पूरे मामले में अंतिम फैसला कमेटी ही करेगी.
हाल ही में टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea (Vi) को AGR बकाया को लेकर बड़ी राहत मिली थी. सरकार ने कंपनी को एक लंबा पेमेंट स्ट्रक्चर दिया है, जिसके तहत उसे बकाया रकम तुरंत नहीं बल्कि कई सालों में किस्तों में चुकानी होगी. इससे कंपनी के ऊपर फिलहाल पड़ने वाला फाइनेंशियल दबाव काफी कम हो गया है.

इस साल जनवरी में दूरसंचार विभाग (DoT) ने Vodafone Idea को AGR भुगतान से जुड़ा नया ढांचा बताया था. इसके मुताबिक 2006-07 से 2018-19 तक के AGR बकाया को फिलहाल फ्रीज कर दिया गया है.
नई व्यवस्था के तहत कंपनी को मार्च 2026 से मार्च 2031 तक हर साल करीब 124 करोड़ रुपये जमा करने होंगे. इसके बाद 2032 से 2035 के बीच हर साल लगभग 100 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा.हालांकि असली और बड़ा पेमेंट मार्च 2036 से मार्च 2041 के बीच किया जाएगा.लास्ट रकम कितनी होगी, इसका फैसला DoT की एक कमेटी करेगी, जिसके पास इस पूरे मामले में अंतिम अधिकार होगा.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर 2025 तक Vodafone Idea पर कुल AGR बकाया करीब 87,695 करोड़ रुपये था.असल में सरकार ने राहत पैकेज के तहत इस रकम को फिलहाल स्थिर कर दिया है. अब कंपनी को यह पूरी रकम तुरंत नहीं चुकानी होगी. इसके बजाय फाइनेंशियल ईयर 2031-32 से लेकर 2040-41 के बीच किस्तों में पेमेंट करना होगा. इस फैसले से कंपनी को फिलहाल कैश फ्लो के मामले में बड़ी राहत मिली है.
इधर कंपनी के ऑपरेशन में भी धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिल रहे हैं। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में Vodafone Idea का ARPU (औसत राजस्व प्रति यूजर) बढ़कर 186 रुपये हो गया है. पिछली तिमाही में यह 180 रुपये था, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 173 रुपये था. इसका मतलब है कि कंपनी की प्रति यूजर कमाई में लगभग 7.5% की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि यह अभी भी Bharti Airtel के मुकाबले कम है, लेकिन बढ़ता ARPU यह दिखाता है कि कंपनी के डेटा यूजर्स और रेवेन्यू में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है.
FAQs
1. Vodafone Idea की लाइसेंस फीस का री-असेसमेंट क्या है?
DoT ने कंपनी की लाइसेंस फीस का दोबारा आकलन किया है, जिससे बकाया रकम में बड़ी कटौती की संभावना बनी है
2. लाइसेंस फीस में कितनी राहत मिल सकती है?
सूत्रों के मुताबिक ब्याज और पेनल्टी में राहत मिलने के बाद कुल देनदारी में करीब 60-65% तक कमी हो सकती है
3. अंतिम फैसला कौन करेगा?
इस मामले में अंतिम निर्णय रिटायर्ड IAS अधिकारी की अध्यक्षता वाली कमेटी करेगी
4. AGR बकाया कितना है?
दिसंबर 2025 तक Vodafone Idea पर कुल ₹87,695 करोड़ AGR बकाया था, जिसे सरकार ने फिलहाल फ्रीज कर दिया है
5. कंपनी AGR का भुगतान कैसे करेगी?
सरकार के पेमेंट प्लान के अनुसार कंपनी 2031 से 2041 के बीच किस्तों में AGR बकाया चुकाएगी
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)