&format=webp&quality=medium)
United Sprits Q3 Results: देश की दिग्गज बेवरेज कंपनियों में से एक यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड ने 31 दिसंबर 2024 को समाप्त तिमाही और नौ महीनों के लिए अपने नतीजे घोषित कर दिए हैं. दिसंबर में खत्म हुई तिमाही में कंपनी के नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर चार फीसदी की गिरावट हुई है. हालांकि, रेवेन्यू और कामकाजी मुनाफे के मोर्चे पर भी दमदार प्रदर्शन किया है. कंपनी के रेवेन्यू में 14.4 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है. गुरुवार को कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी का शेयर दो फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ.
यूनाइटेड स्पिरिट्स की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक 31 दिसंबर को खत्म हुई चालू वित्त वर्ष की तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 335 करोड़ रुपए रहा है. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में ये 350 करोड़ रुपए रहा था. कंपनी का ऑपरेशन्स से रेवेन्यू सालाना आधार पर 3302 करोड़ रुपए से बढ़कर 3433 करोड़ रुपए हो गया है. वहीं, चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीने में कंपनी का नेट प्रॉफिट 1,167 से घटकर 1,161 करोड़ रुपए हो गया है.
शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही में कंपनी का कामकाजी मुनाफा सालाना आधार पर 16.9 फीसदी बढ़कर 568 करोड़ रुपए रहा है. कंपनी की नेट सेल्स वेल्यू 14.4% बढ़कर 3,433 करोड़ रुपये हो गई है. इसका कारण त्योहारों के मौसम में मजबूत मांग रही है. कंपनी ने आलोच्य तिमाही के दौरान 18,155 हजार केस बेचे, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 10.2% अधिक है.
गुरुवार को कारोबारी सत्र के दौरान यूनाइटेड स्पिरिट्स का BSE पर शेयर 2.87% या 41.85 अंकों की तेजी के साथ 1500.05 रुपए पर बंद हुआ है. NSE पर 2.76 % या 40.30 अंकों की बढ़त के साथ 1,499 रुपए पर बंद हुआ. कंपनी का 52 वीक हाई 1,700 रुपए और 52 वीक लो 1,065.10 रुपए है. पिछले छह महीने में यूनाइटेड स्पिरिट्स का शेयर 12.54% तक चढ़ चुका है. वहीं, पिछले एक साल में 14.64% रिटर्न दिया है. कंपनी का मार्केट कैप 1.09 लाख करोड़ रुपए है.