Tata Steel Q1FY26 Results: नेट प्रॉफिट हुआ दोगुना, रेवेन्यू में हल्की गिरावट के बावजूद EBITDA मार्जिन में सुधार

टाटा स्टील का Q1FY26 में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट ₹2,078 करोड़ रहा, जो बीते साल की तुलना में दोगुना है. कंपनी का रेवेन्यू मामूली गिरकर ₹53,178 करोड़ पर रहा, लेकिन EBITDA मार्जिन 13.9% तक पहुंचा. मजबूत ऑपरेशनल एफिशिएंसी ने कंपनी के मुनाफे को बढ़ाया है.
Tata Steel Q1FY26 Results: नेट प्रॉफिट हुआ दोगुना, रेवेन्यू में हल्की गिरावट के बावजूद EBITDA मार्जिन में सुधार

टाटा स्टील का नेट प्रॉफिट हुआ दोगुना

टाटा स्टील ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (Q1FY26) में जबरदस्त मुनाफा दर्ज किया है. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल-दर-साल आधार पर 116.42% बढ़कर 2,078 करोड़ रुपए पहुंच गया है, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 960 करोड़ रुपए था. हालांकि, इनकम के मोर्चे पर कंपनी को थोड़ी कमजोरी का सामना करना पड़ा है.

रेवेन्यू में मामूली गिरावट

टाटा स्टील की ऑपरेशनल इनकम (रेवेन्यू) इस तिमाही में घटकर 53,178 करोड़ रुपए रही, जो पिछले साल इसी तिमाही में 55,031 करोड़ रुपए थी. यानी कंपनी की इनकम में 3.37% की गिरावट आई है.

EBITDA में सुधार

ऑपरेशनल लेवल पर कंपनी का EBITDA यानी ब्याज, टैक्स, डिप्रीसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई बढ़कर 7,427 करोड़ रुपए हो गई है, जो सालाना आधार पर 6.8% ज्यादा है. एक साल पहले यह आंकड़ा 6,954 करोड़ रुपए था. कंपनी का EBITDA मार्जिन भी बेहतर होकर 13.97% पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 12.64% था.

भारत से कमाई में जबरदस्त उछाल

टाटा स्टील को भारत से इस तिमाही में 31,137 करोड़ रुपए की इनकम हुई. कंपनी की 'EBITDA प्रति टन' की कमाई भारत में पिछली तिमाही के मुकाबले काफी बेहतर रही. यह आंकड़ा 510 रुपए प्रति टन से उछलकर 15,760 रुपए प्रति टन पर पहुंच गया.

प्रोडक्शन और डिलीवरी में हल्की सुस्ती

कंपनी का क्रूड स्टील प्रोडक्शन इस तिमाही में 5.24 मिलियन टन रहा, जबकि डिलीवरी 4.75 मिलियन टन पर रही. हालांकि, जमशेदपुर और नीलांचल इस्पात निगम लिमिटेड में रखरखाव के चलते प्रोडक्शन और डिलीवरी पर असर पड़ा.

कर्ज और लिक्विडिटी की स्थिति

Q1FY26 के अंत तक कंपनी का नेट डेब्ट यानी कुल कर्ज 84,835 करोड़ रुपए रहा. हालांकि, ग्रुप की लिक्विडिटी यानी नकदी की स्थिति मजबूत बनी हुई है. कुल लिक्विडिटी 43,578 करोड़ रुपए रही, जिसमें से 14,118 करोड़ रुपए कैश और कैश इक्विवेलेंट्स के रूप में हैं.

कैसा रहा स्टॉक का हाल

टाटा स्टील ने अपने तिमाही नतीजे बाजार बंद होने के बाद जारी किए. इसके पहले बुधवार को कंपनी का शेयर मामूली 0.24% गिरकर ₹161.30 पर बंद हुआ. पिछले 6 महीनों में कंपनी के स्टॉक ने निवेशकों को 23% से ज़्यादा का रिटर्न दिया है, जबकि पिछले एक साल में इसमें लगभग 1.7% की गिरावट देखने को मिली है.

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6