&format=webp&quality=medium)
Tata Steel Q3 Results: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा स्टील (Tata Steel) के तिमाही नतीजे जारी हो गए हैं. टाटा स्टील का 31 दिसंबर, 2024 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में नेट प्रॉफिट 43.4% घटकर 295.49 करोड़ रुपये रह गया. कंपनी ने बताया कि आय घटने के कारण उसके मुनाफे में कमी हुई. टाटा स्टील ने एक साल पहले की समान अवधि में 522.14 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. टाटा स्टील का शेयर 2.77 फीसदी की गिरावट के साथ 126.40 रुपये पर बंद हुआ.
टाटा ग्रुप की कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि अक्टूबर-दिसंबर, 2024 में उसकी एकीकृत आय सालाना आधार पर 55,539.77 करोड़ रुपये से घटकर 53,869.33 करोड़ रुपये रह गई. टाटा स्टील का कुल खर्च सालाना आधार पर 53,351.13 करोड़ रुपये से घटकर 52,118.09 करोड़ रुपये रह गया.
कंपनी ने इससे पहले कहा था कि चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में भारत में उसका कच्चा इस्पात उत्पादन 6 फीसदी बढ़कर 56.8 लाख टन हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 53.5 लाख टन था. घरेलू बाजार में स्थिर बिक्री और निर्यात में रणनीतिक उपस्थिति के कारण भारत में डिलीवरी तीसरी तिमाही में 5.29 मीट्रिक टन तक पहुंच गई, जो साल-दर-साल (Y-o-Y) 8.4 फीसदी अधिक है.
टाटा स्टील नीदरलैंड ने तीसरी तिमाही के लिए 1.76 मिलियन टन तरल इस्पात उत्पादन की सूचना दी, जबकि डिलीवरी 1.53 मिलियन टन रही. टाटा स्टील यूके का उत्पादन Q2FY2025 में अपने ब्लास्ट फर्नेस के बंद होने के कारण तिमाही के लिए शून्य रहा. डिलीवरी में साल-दर-साल 12.5 फीसदी की गिरावट आई और यह 0.56 मिलियन टन रह गई. टाटा स्टील समूह एक अग्रणी ग्लोबल स्टील कंपनी है जिसकी वार्षिक कच्चे स्टील की उत्पादन क्षमता 35 मिलियन टन प्रति वर्ष है.