&format=webp&quality=medium)
SAIL Q2 Results: SAIL Q2 Results:सार्वजनिक क्षेत्र की स्टील कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) का चालू वित्त वर्ष का सितंबर तिमाही का नेट प्रॉफिट 31 प्रतिशत घटा है. सेल ने बृहस्पतिवार को जुलाई-सिंतबर तिमाही के नतीजों की शेयर बाजार को जानकारी दी. आलोच्य तिमाही में कंपनी की आय में भी गिरावट दर्ज की गई है. सेल ने अलग से जारी एक बयान में कहा कि उसका कच्चा इस्पात उत्पादन बीती तिमाही में मामूली रूप से घटकर 47.6 लाख टन रहा. आलोच्य अवधि में इसकी बिक्री भी एक साल पहले के 47.7 लाख टन से घटकर 41 लाख टन रह गई.
सेल की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक सितंबर तिमाही में महारत्न पीएसयू का मुनाफा 897.15 करोड़ रुपये रह गया है. आमदनी घटने से कंपनी का मुनाफा नीचे आया है. एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी ने 1,305.59 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था. आलोच्य अवधि में स्टील कंपनी की कुल आय घटकर 24,842.18 करोड़ रुपये रह गई जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 29,858.19 करोड़ रुपये थी.
सितंबर तिमाही में कंपनी का खर्च 23,824.07 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 27,768.60 करोड़ रुपये था.सेल का कामकाजी मुनाफा साला आधार पर 3869 करोड़ रुपए से घटकर 2904 करोड़ रुपए हो गया है. मार्जिन 13 फीसदी से घटकर 11.8% (YoY) हो गया है. सेल के चेयरमैन अमरेंदु प्रकाश ने कहा,‘ स्टील इंपोर्ट में अपेक्षित गिरावट और जीडीपी एवं पूंजीगत व्यय में अनुमानित वृद्धि के साथ दूसरी छमाही में प्रदर्शन बेहतर रह सकता है.’
गुरुवार को ट्रेडिंग सेशन के दौरान SAIL का शेयर 0.53% या 0.66 अंक टूटकर 123.23 रुपए पर बंद हुआ है. नवरत्न पीएसयू का शेयर का 52 वीक हाई 175.35 रुपए और 52 वीक लो 84.40 रुपए है. इस साल कंपनी के शेयर में 1.18 फीसदी की गिरावट आ चुकी है. इस साल कंपनी का शेयर 1.18 फीसदी और पिछले छह महीने 21.08 फीसदी तक टूट चुका है. सालभर में सेल के शेयर ने 44.47% का रिटर्न दिया है. सेल का कुल मार्केट कैप 50.95 हजार करोड़ रुपए है.