&format=webp&quality=medium)
SBI Stake Sale in Yes Bank.
SBI Stake Sale in Yes Bank: यस बैंक को लेकर बड़ी खबर आ रही है. शेयर बाजार को भेजी सूचना में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने कहा कि वह यस बैंक में अपनी 13.19% हिस्सेदारी बेचने जा रही है. स्टेट बैंक ने यह डील जापान के इन्वेस्टमेंट फर्म SMBC के साथ की है जिसने 8888 करोड़ रुपए में एसबीआई से हिस्सेदारी खरीदी है. यह डील 21.50 रुपए प्रति शेयर के भाव पर हुई है. पिछले कुछ दिनों से इस तरह की खबरें बाजार में गरम थी. आज यस बैंक का शेयर करीब 10% की तेजी के साथ 20 रुपए पर बंद हुआ.
BSE की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक मार्च 2025 के आधार पर यस बैंक में SBI की हिस्सेदारी 23.97% है. इसमें से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने 13.19% हिस्सेदारी बेच दी है. ऐसे में अब एसबीआई की हिस्सेदारी घटकर 10.78% रह गई है. यस बैंक में एसबीआई के अलावा एक्सिस बैंक, ICICI बैंक, HDFC बैंक समेत कई बैंक्स की कुल हिस्सेदारी मार्च 2025 के आधार पर 33.71% थी.
Yes Bank ने एक्सचेंज को भेजी सूचना में कहा कि HDFC, ICICI, कोटक महिंद्रा, एक्सिस, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, फेडरल बैंक, बंधन बैंक भी अपनी हिस्सेदारी जापानी इन्वेस्टमेंट फर्म SMBC को बेचने जा रहे हैं. ये सभी यस बैंक में 6.81% हिस्सेदारी बेचेंगे. इस तरह यस बैंक में SMBC की हिस्सेदारी 20% पर पहुंच जाएगी और वह सबसे बड़ा स्टेक होल्डर बन जाएगा.
बता दें कि इसी हफ्ते मीडिया में खबर आई थी कि SMBC यस बैंक में हिस्सेदारी खरीदने को लेकर SBI के साथ बातचीत कर रहा है. जिसपर 6 मई को बैंक की तरफ से एक्सचेंज को भेजी सूचना में बताया गया था कि वह ग्रोथ के रास्ते पर है और कई सारी अपॉर्च्युनिटी की तलाश में है. उसने इस बातचीत से इनकार नहीं किया था, लेकिन यह जरूर कहा था कि बातचीत शुरुआती चरण में है.
यस बैंक का शेयर आज हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र में 10% की तेजी के साथ 20 रुपए पर बंद हुआ. जुलाई 2024 को शेयर ने 27.4 रुपए का 52 वीक्स हाई बनाया था. मार्च के दूसरे हफ्ते में शेयर ने 16 रुपए का लो बनाया था. पिछले दो महीने में शेयर में करीब 25% की तेजी आई है. इस हफ्ते शेयर में 13% की तेजी दर्ज की गई है.