&format=webp&quality=medium)
Railtel Order: नवरत्न रेलवे पीएसयू रेलटेल को बाजार बंद होने के बाद एक, दो नहीं बल्कि चार बड़े ऑर्डर मिले हैं. इनमें से एक ऑर्डर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया चेन्नई और बाकी तीन ऑर्डर बिहार एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल (BEPC) से मिले हैं. इन चार ऑर्डर की कुल कीमत 123. 25 करोड़ रुपए है. आपको बता दें कि इस महीने अब तक कंपनी को कुल छह ऑर्डर मिल चुके हैं. बुधवार को कारोबारी सत्र के दौरान रेलटेल का शेयर गिरावट के साथ बंद हुआ है.
रेलटेल की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक रेलटेल को चेन्नई एयरपोर्ट पर सर्वर, स्टोरेज, सॉफ्टवेयर और नेटवर्किंग लगाने का काम मिला है. यह सब सीसीटीवी सिस्टम के लिए होगा. इस काम में तीन साल की वारंटी भी शामिल है, और तीन साल तक रखरखाव भी कंपनी ही करेगी, जिसमें जरूरी पुर्जे भी शामिल होंगे. इस ऑर्डर की कुल कीमत 14.72 करोड़ रुपये है और इसे 14 जुलाई 2025 तक पूरा करना है.
BEPC के पहले ऑर्डर की बात करें तो रेलटेल बिहार में कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए अतिरिक्त स्टूडेंट किट सप्लाई करनी है. इसकी कीमत लगभग 16.97 करोड़ रुपये है. इसे 28 फरवरी 2025 तक पूरा करना है. वहीं, दूसरे ऑर्डर के तहत रेलटेल बिहार में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए पढ़ाई लिखाई का समान सप्लाई करेगी. इस ऑर्डर की कीमत 36.95 करोड़ रुपये है. इस ऑर्डर को 28 फरवरी 2025 तक पूरा करना है.
BEPC से मिले तीसरे ऑर्डर के तहत रेलवे पीएसयू बिहार के BEPC स्कूलों के लिए ISM लैब लगाने, उन्हें चालू करने और उसके लिए ट्रेनिंग देने का काम मिला है. इस ऑर्डर की कीमत लगभग 69.21 करोड़ रुपये है और इसे 04 अप्रैल 2025 तक पूरा करना है. बुधवार को ट्रेडिंग सेशन के दौरान रेलटेल का शेयर BSE पर 1.21% या 3.95 अंक टूटकर 323.75 पर बंद हुआ है. NSE पर 0.99 % या 3.25 अंकों की गिरावट के साथ 324.60 रुपए पर बंद हुआ है.
रेलटेल का 52 वीक हाई 617.80 रुपए और 52 वीक लो 301.40 रुपए है. पिछले छह महीने में कंपनी का शेयर 32.76% तक और पिछले एक साल में 10.65% तक टूट चुका है. कंपनी का मार्केट कैप 10.42 हजार करोड़ रुपए है.