&format=webp&quality=medium)
PFC Q4 Results: पावर सेक्टर की कंपनियों को फाइनेंशियल सेवाएं देने वाली सरकारी कंपनी PFC (Power Financing Corporation) ने चौथी तिमाही के लिए नतीजे पेश कर दिए हैं. कंपनी के नतीजे अनुमान से बेहतर दिखाई दे रहे हैं. Q4FY25 में PFC का मुनाफा 5,109 करोड़ पर रहा है. इस तिमाही के लिए इसके 4,375 करोड़ पर रहने का अनुमान था. सालाना आधार पर देखें तो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में ये 4,135 करोड़ पर था.
कंपनी की NII (नेट इंटरेस्ट इनकम) 5,910 करोड़ पर रही है. ये भी बाजार के अनुमान से ऊपर रही है. इसके 4,635 करोड़ पर रहने का अनुमान था. सालाना आधार पर ये 39% की ग्रोथ है, पिछले साल की मार्च तिमाही में कंपनी ने 4,237 करोड़ का NII दिखाया था.
कंपनी की ओर से दाखिल की गई एक्सचेंज फाइलिंग को देखें तो वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने अब तक का सबसे ज़्यादा सालाना मुनाफा दर्ज किया है. FY'24 में जहां कंपनी का शुद्ध लाभ (PAT) ₹14,367 करोड़ था, वहीं FY'25 में यह बढ़कर ₹17,352 करोड़ हो गया है, यानी 21% की शानदार बढ़त दर्ज हुई है.

लोन बुक में डबल डिजिट ग्रोथ
कंपनी की लोन बुक में भी 12.81% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज हुई है. 31 मार्च 2024 तक लोन बुक ₹4,81,462 करोड़ थी, जो 31 मार्च 2025 तक बढ़कर ₹5,43,120 करोड़ हो गई है.
नेट वर्थ ₹90,000 करोड़ के पार
कंपनी की नेट वर्थ (शुद्ध संपत्ति) 15% की बढ़त के साथ ₹90,937 करोड़ हो गई है, जबकि पिछले साल यह ₹79,203 करोड़ थी. यानी कंपनी की वित्तीय स्थिति और भी मज़बूत हुई है.
KSK महानदी प्रोजेक्ट में बड़ी सफलता
कंपनी ने KSK महानदी नाम की 3,600 मेगावाट की थर्मल पावर परियोजना का सफल समाधान किया है, जिसमें ₹3,300 करोड़ की बकाया राशि थी. कंपनी ने इसमें 100% से ज्यादा वसूली की है. इसके चलते कंपनी का सकल एनपीए (Gross NPA) 2% से नीचे आकर अब 1.94% पर पहुंच गया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है.
रिन्यूएबल एनर्जी फाइनेंसिंग में जबरदस्त बढ़त
FY’25 में कंपनी की रिन्यूएबल लोन बुक में 35% की सालाना बढ़ोतरी हुई है. यह आंकड़ा अब ₹81,031 करोड़ पर पहुंच गया है. पिछले 5 सालों में कंपनी का रिन्यूएबल पोर्टफोलियो दोगुना हो गया है.
कंपनी ने 2.05 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का भी ऐलान किया है. डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट 13 जून तय की गई है. कंपनी ने इसके पहले 4 अंतरिम डिविडेंड की घोषणा कर चुकी है. मार्च में 3.50 रुपये और उसके पहले फरवरी में भी इतना ही डिविडेंड मिला था. इसके पहले नवंबर, 2024 में 3.50 रुपये और अगस्त 2024 में 3.25 रुपये का डिविडेंड मिला था.
नतीजों के बाद PFC Share के चार्ट पर एक तेज उछाल दर्ज हुआ. शेयर 3% की उछाल लेकर 421 के हाई पर चला गया. स्टॉक ने 12 जुलाई, 2024 को 580 रुपये के लेवल पर 52 वीक हाई बनाया था. इसके बाद शेयर 17 फरवरी, 2025 को 357 के 52 वीक लो पर पहुंच गया था.