नतीजों के बाद स्वामी रामदेव से खास बातचीत, कहा - इंडोनेशिया-मलेशिया से नहीं खरीदना पड़ेगा तेल, बताया अगले 5 साल का प्लान

ज़ी बिजनेस के साथ खास बातचीत में पतंजलि फूड्स के प्रमोटर स्वामी रामदेव ने कंपनी के अगले बड़े रोडमैप का खुलासा किया. कंपनी ने 3-5 साल में ₹1 लाख करोड़ का आकार हासिल करने, 5 लाख हेक्टेयर पाम प्लांटेशन विकसित करने और खाद्य तेल में आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य रखा है.
नतीजों के बाद स्वामी रामदेव से खास बातचीत, कहा - इंडोनेशिया-मलेशिया से नहीं खरीदना पड़ेगा तेल, बताया अगले 5 साल का प्लान

नतीजों के बाद पतंजलि के प्रमोटर स्वामी रामदेव से खास बातचीत (फाइल फोटो)

हाल ही में नतीजे जारी करने के बाद पतंजलि फूड्स के प्रमोटर स्वामी रामदेव से ज़ी बिजनेस के मैनेजिंग एडिटर अनिल सिंघवी ने खास एक्सक्लूसिव बातचीत की. इस बातचीत में पतंजलि फूड्स के प्रमोटर स्वामी रामदेव ने कंपनी की ग्रोथ रणनीति, पाम ऑयल कारोबार, वैश्विक विस्तार और आने वाले वर्षों के बड़े लक्ष्यों के बारे में जानकारी दी. बातचीत के दौरान स्वामी रामदेव ने कहा कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद कंपनी ने लगातार मजबूत प्रदर्शन किया है और अब अगले चरण की तैयारी कर रही है.

स्वामी रामदेव ने कहा कि कंपनी ने कई मुश्किल दौर देखे हैं. चाहे कोरोना काल रहा हो, रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान बाजार की स्थिति रही हो या हाल के समय में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर, इन परिस्थितियों के बीच कंपनी ने बेहतर प्रदर्शन किया है. उनका कहना था कि किसी भी कंपनी की असली परीक्षा संकट के समय होती है और ऐसे समय में काम करने की क्षमता ही उसकी मजबूती तय करती है.

एडिबल ऑयल बिजनेस पर बड़ा फोकस

बातचीत के दौरान सबसे बड़ा फोकस एडिबल ऑयल और पाम प्लांटेशन बिजनेस पर दिखाई दिया. स्वामी रामदेव ने बताया कि कंपनी इस समय करीब 1.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र तक पहुंच चुकी है और करीब 5 लाख हेक्टेयर यानी लगभग 20 लाख एकड़ जमीन पर पाम प्लांटेशन कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि अगले 5 साल में कंपनी का लक्ष्य ऐसा मॉडल तैयार करना है, जहां इंडोनेशिया और मलेशिया से खाद्य तेल आयात की जरूरत काफी कम हो जाए और कंपनी इस मामले में आत्मनिर्भर बन सके.

FMCG बाजार से बेहतर प्रदर्शन की तैयारी

स्वामी रामदेव ने बताया कि कंपनी कुल कारोबार में करीब 25% ग्रोथ का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है. उनका कहना था कि जहां FMCG इंडस्ट्री की सामान्य ग्रोथ सीमित दायरे में बनी हुई है, वहीं कंपनी अपनी अलग रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है.

उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी पहले भी कुछ कैटेगरी में तेज ग्रोथ दिखा चुकी है. उदाहरण के तौर पर बिस्किट कारोबार में कंपनी ने कुछ वर्षों में 50% और कुछ समय में 100% तक की ग्रोथ दर्ज की थी.

कंपनी की रणनीति तीन मूल सिद्धांतों पर आधारित है. इसमें ग्राहकों को किफायती कीमत पर उत्पाद देना, ज्यादा से ज्यादा नेचुरल प्रोडक्ट उपलब्ध कराना और कारोबार से होने वाले प्रॉफिट का इस्तेमाल विस्तार और सामाजिक कार्यों में करना शामिल है.

पाम प्लांटेशन से EBITDA में बड़ा योगदान

स्वामी रामदेव ने कहा कि पाम प्लांटेशन केवल आयात घटाने का माध्यम नहीं है बल्कि यह कंपनी के मुनाफे में भी बड़ा योगदान दे सकता है. उनके मुताबिक, अगले वर्षों में केवल पाम प्लांटेशन से कंपनी को ₹2,000 करोड़ से ₹2,500 करोड़ तक EBITDA योगदान मिलने की संभावना है.

उन्होंने बताया कि पारंपरिक खाद्य तेल कारोबार की तुलना में पाम प्लांटेशन बेहतर मार्जिन वाला क्षेत्र है. उन्होंने यह भी कहा कि इस मॉडल से किसानों को फायदा होगा, विदेशी मुद्रा की बचत होगी और देश की आर्थिक मजबूती में भी योगदान मिलेगा.

70 देशों तक पहुंच, अब 150 देशों का लक्ष्य

ग्लोबल विस्तार को लेकर स्वामी रामदेव ने कहा कि कंपनी इस समय 70 देशों तक पहुंच बना चुकी है और आगे 150 देशों तक उत्पाद पहुंचाने का लक्ष्य है. भारत में कंपनी 100 करोड़ से ज्यादा लोगों तक अपनी पहुंच बनाने का दावा करती है.

इसके अलावा कंपनी ऑफलाइन और डिजिटल रिटेल चैनलों के जरिए अपनी मौजूदगी और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है. बातचीत के दौरान स्वामी रामदेव ने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में कंपनी कारोबार, ब्रांड विस्तार और उत्पादन क्षमता के स्तर पर बड़े लक्ष्य हासिल कर सकती है.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source