IPO से पहले ही OYO पर लगा ये आरोप! बोनस शेयर स्कीम पर मचा हंगामा, निवेशक बोल- सीधी लूट चल रही है

OYO को लेकर सोशल मीडिया पर नया विवाद खड़ा हो गया है. Fintech कंपनी के फाउंडर मोहित गांग ने आरोप लगाया है कि कंपनी एक “Daylight Heist” कर रही है. उनका दावा है कि OYO ने बोनस शेयर जारी करने की योजना के ज़रिए छोटे निवेशकों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है.
IPO से पहले ही OYO पर लगा ये आरोप! बोनस शेयर स्कीम पर मचा हंगामा, निवेशक बोल- सीधी लूट चल रही है

हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी OYO Rooms एक बार फिर विवादों में आ गई है. Fintech कंपनी “MoneyFront” के फाउंडर मोहित गांग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर OYO पर “Daylight Heist” यानी “दिन-दहाड़े लूट” का आरोप लगाया है. गांग का कहना है कि कंपनी ने एक पोस्टल बैलेट जारी किया, जिसमें निवेशकों से तीन प्रस्तावों पर राय मांगी गई थी.

अधिकृत पूंजी (Authorised Capital) बढ़ाने का प्रस्ताव. बोनस Compulsorily Convertible Preference Shares (CCPS) जारी करने का प्रस्ताव और कंपनी के कर्मचारियों को Sweat Equity देने का प्रस्ताव. उनका आरोप है कि असली खेल दूसरे प्रस्ताव के ज़रिए खेला गया, यानी बोनस CCPS जारी करने के बहाने छोटे निवेशकों को नुकसान पहुंचाया गया.

सिर्फ तीन दिन का जवाब देने का वक्त

मोहित गांग ने अपने पोस्ट में लिखा कि OYO ने निवेशकों को इस बैलेट का जवाब देने के लिए सिर्फ तीन दिन का समय दिया. उन्होंने कहा कि इतनी कम अवधि में दस्तावेज़ इकट्ठा कर जवाब भेजना लगभग नामुमकिन है, जिससे आम निवेशक “Class A” शेयरधारक बन जाएंगे, जो कम वैल्यू वाले शेयर हैं. दूसरी ओर, अंदरूनी लोग, प्रमोटर्स और संस्थागत निवेशक “Class B” शेयर चुन सकते हैं, जिन्हें बेहतर कन्वर्ज़न रेशियो मिलेगा.

Class A और Class B शेयरों का फर्क क्या है?

OYO की इस स्कीम के तहत, जो निवेशक Class A शेयर चुनेंगे या कोई कार्रवाई नहीं करेंगे, उन्हें हर 6,000 पुराने शेयर पर सिर्फ 1 बोनस शेयर मिलेगा. लेकिन जिन्होंने Class B के लिए ऑप्ट-इन किया, उन्हें काफी ज़्यादा शेयर मिलने का मौका होगा.

अगर कंपनी आने वाले महीनों में IPO के लिए मर्चेंट बैंकर नियुक्त करती है, तो Class B निवेशकों को हर 6,000 शेयर पर 1,109 अतिरिक्त शेयर मिल सकते हैं. यानि करीब 18.5% का फायदा.

मोहित गांग ने लिखा, “Class B तो साफ विजेता है. इसमें रिस्क बहुत कम है और फायदा बड़ा. लेकिन आम निवेशकों को सिर्फ तीन दिन देकर कंपनी ने इसे उनके लिए नामुमकिन बना दिया.”

Capitalmind के CEO ने भी चेताया निवेशकों को

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए Capitalmind AMC के CEO दीपक शेनॉय ने भी X पर लिखा, “अगर आप OYO के शेयरहोल्डर हैं, तो सावधान रहिए.” इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कई छोटे निवेशक भी सामने आए और सवाल उठाया कि कंपनी ने इतनी कम अवधि में यह प्रक्रिया क्यों चलाई.

नवंबर में IPO दाखिल करने की तैयारी

खबरों के मुताबिक, OYO नवंबर 2025 में अपना Draft Red Herring Prospectus (DRHP) दाखिल करने की योजना बना रही है. कंपनी का लक्ष्य है कि IPO में अपनी वैल्यूएशन $7-8 बिलियन (करीब ₹65,000 करोड़) तक रखी जाए.

जानकारों का मानना है कि IPO की तैयारी से पहले कंपनी पूंजी पुनर्गठन (Capital Restructuring) कर रही है. यानी Class A और Class B जैसी श्रेणियों के ज़रिए शेयरों की संरचना को दोबारा व्यवस्थित किया जा रहा है.

निवेशकों का गुस्सा सोशल मीडिया पर फूटा

इस विवाद के बाद X (Twitter) पर OYO को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कुछ यूज़र्स ने इसे “स्मार्ट तरीके से की गई माइनॉरिटी इन्वेस्टर लूट” कहा, तो कुछ ने कंपनी से पारदर्शिता की मांग की.

OYO ने अभी तक नहीं दी आधिकारिक सफाई

इस पूरे विवाद पर OYO की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. कंपनी के करीबी सूत्रों के मुताबिक, यह प्रक्रिया IPO से पहले की एक सामान्य पूंजी पुनर्गठन प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य कंपनी की बैलेंस शीट को मजबूत बनाना है. हालांकि, निवेशकों का तर्क है कि सूचना की कमी और समय की कमी से पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं.

क्या है CCPS?

CCPS यानी Compulsorily Convertible Preference Shares, ऐसे शेयर होते हैं जो एक तय समय बाद अपने आप सामान्य शेयरों (Equity) में बदल जाते हैं. आमतौर पर कंपनियां इसे निवेशकों को आकर्षित करने और भविष्य में इक्विटी हिस्सेदारी देने के लिए जारी करती हैं. लेकिन इस मामले में, CCPS के कन्वर्ज़न रेशियो (Class A और Class B के बीच का फर्क) ही विवाद का मुख्य कारण बना है.

IPO से ठीक पहले आया यह विवाद कंपनी की छवि पर असर डाल सकता है. अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि OYO प्रबंधन इस मामले में क्या सफाई देता है और क्या SEBI इस मुद्दे पर कोई कदम उठाता है.

खबर से जुड़े FAQs

1. OYO पर “Daylight Heist” का आरोप किसने लगाया?

Fintech फाउंडर मोहित गांग ने सोशल मीडिया पर यह आरोप लगाया है.

2. विवाद किस बात को लेकर है?

कंपनी द्वारा जारी किए गए बोनस CCPS शेयरों की प्रक्रिया को लेकर.

3. Class A और Class B शेयरों में क्या अंतर है?

Class A में हर 6,000 शेयर पर 1 बोनस शेयर मिलता है, जबकि Class B में कन्वर्ज़न रेशियो कहीं बेहतर है.

4. निवेशकों को जवाब देने के लिए कितना समय दिया गया था?

सिर्फ 3 दिन का समय, जिससे छोटे निवेशक समय पर कार्रवाई नहीं कर सके.

5. OYO का IPO कब आने की उम्मीद है?

कंपनी नवंबर 2025 में अपना DRHP दाखिल करने की तैयारी कर रही है, जिसकी वैल्यूएशन $7-8 बिलियन बताई जा रही है.

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6