एनर्जी क्राइसिस के बीच ऑयल इंडिया की बड़ी खोज, कंपनी को मिला नेचुरल गैस भंडार, जानें डीटेल्स

ऑयल सेक्टर की पीएसयू कंपनी ने राजस्थान के डांडेवाला फील्ड में प्राकृतिक गैस की नई खोज की है. कंपनी को करीब 950 मीटर गहराई पर सानू फॉर्मेशन से 25,000 SCMD गैस प्रवाह मिला है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक क्षेत्र में करीब 75 MMSCM गैस भंडार हो सकता है.
एनर्जी क्राइसिस के बीच ऑयल इंडिया की बड़ी खोज, कंपनी को मिला नेचुरल गैस भंडार, जानें डीटेल्स

एनर्जी क्राइसिस के बीच ऑयल इंडिया को खोज (फोटो - AI)

ऑयल सेक्टर की पीएसयू कंपनी ऑयल इंडिया (Oil India) ने राजस्थान के डांडेवाला फील्ड में प्राकृतिक गैस का नया भंडार खोजने का ऐलान किया है. कंपनी ने बताया कि यह खोज भले ही आकार में सीमित हो, लेकिन रणनीतिक रूप से काफी अहम मानी जा रही है. इस खोज से डांडेवाला फील्ड में भविष्य में गैस उत्पादन बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं.

कंपनी के मुताबिक, नए कुएं से करीब 950 मीटर की गहराई पर मौजूद सानू फॉर्मेशन से औसतन 25,000 SCMD प्राकृतिक गैस का प्रवाह दर्ज किया गया है. शुरुआती नतीजों से संकेत मिले हैं कि इस क्षेत्र में गैस की अच्छी मौजूदगी और उत्पादन क्षमता हो सकती है.

डांडेवाला फील्ड में पहली बड़ी सफलता

ऑयल इंडिया ने बताया कि डांडेवाला फील्ड में सानू फॉर्मेशन के उथले हिस्से में पहली बार सफलतापूर्वक गैस की मौजूदगी स्थापित हुई है. कंपनी के लिए यह एक नई संभावनाओं वाला क्षेत्र माना जा रहा है.

कंपनी का कहना है कि यह खोज उसकी “Missed Opportunities” रणनीति का हिस्सा है. इसके तहत पुराने क्षेत्रों की दोबारा तकनीकी जांच और सब-सर्फेस एनालिसिस के जरिए नए संसाधनों की तलाश की जा रही है.

कितना हो सकता है गैस भंडार?

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक संरचनात्मक नियंत्रण, पेट्रोफिजिकल डेटा और सब-सर्फेस विश्लेषण के आधार पर इस क्षेत्र में करीब 75 MMSCM गैस इन प्लेस होने का अनुमान है.

यह खोज डांडेवाला फील्ड की कुल संभावनाओं को और मजबूत करेगी. साथ ही आने वाले समय में यहां अतिरिक्त खोज, मूल्यांकन और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम तेज हो सकता है.

भविष्य में बढ़ सकती है उत्पादन क्षमता

कंपनी का कहना है कि इस खोज से डांडेवाला फील्ड में आगे और ड्रिलिंग तथा विकास कार्यों के लिए रास्ता खुला है. भारत में प्राकृतिक गैस की मांग लगातार बढ़ रही है और सरकार भी गैस आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है. ऐसे में घरेलू स्तर पर नए गैस भंडार मिलना ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

ऑयल इंडिया का यह नया खोज अभियान कंपनी की एक्सप्लोरेशन रणनीति को भी मजबूती देता है. कंपनी अब पुराने और कम खोजे गए क्षेत्रों में नई तकनीकों के जरिए संभावनाएं तलाशने पर फोकस कर रही है.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6