CRISIL ने बढ़ाई रेटिंग; Nvidia, Samsung जैसे सप्लायर के साथ कंपनी के संबंध, स्टॉक पर रखें नजर

आईटी स्टॉक नेटवर्क टेक्नोलॉजी की लॉन्ग टर्म रेटिंग CRISIL ने ‘A’ से बढ़ाकर ‘A+’ कर दी है. कंपनी की मजबूत ऑर्डर बुक, AI इंफ्रास्ट्रक्चर बिजनेस और 70% रेवेन्यू CAGR के चलते यह अपग्रेड मिला है. FY26 में कंपनी का रेवेन्यू ₹2,183 करोड़ रहा, जबकि ऑर्डर बुक ₹2,098 करोड़ पर पहुंच गई.
CRISIL ने बढ़ाई रेटिंग; Nvidia, Samsung जैसे सप्लायर के साथ कंपनी के संबंध, स्टॉक पर रखें नजर

इस आईटी स्टॉक पर रखें नजर, क्रिसिल ने बढ़ाई क्रेडिट रेटिंग (फोटो - AI)

Netweb Technologies को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. रेटिंग एजेंसी CRISIL ने कंपनी की लॉन्ग टर्म बैंक फैसिलिटी रेटिंग को अपग्रेड कर दिया है. CRISIL ने कंपनी की रेटिंग ‘CRISIL A/Stable’ से बढ़ाकर ‘CRISIL A+/Stable’ कर दी है. वहीं शॉर्ट टर्म रेटिंग को ‘CRISIL A1’ पर बरकरार रखा गया है.

इसके साथ ही कंपनी की रेटेड बैंक फैसिलिटी को भी काफी बढ़ाया गया है. पहले जहां यह सीमा 260 करोड़ रुपए थी, अब इसे बढ़ाकर 700 करोड़ रुपए कर दिया गया है.

क्यों बढ़ी कंपनी की रेटिंग?

CRISIL के मुताबिक नेटबेव टेक्नोलॉजी के बिजनेस प्रोफाइल में लगातार सुधार देखने को मिला है. कंपनी ने पिछले तीन वित्त साल में करीब 70% की CAGR ग्रोथ दर्ज की है. FY26 में कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर करीब ₹2,183 करोड़ पहुंच गया.

Netweb Tech

कंपनी को लगातार नए ग्राहक मिल रहे हैं और वह अपने प्रोडक्ट व सर्विस पोर्टफोलियो का विस्तार भी कर रही है. खासतौर पर GPU आधारित AI इंफ्रास्ट्रक्चर बिजनेस ने ग्रोथ में अहम योगदान दिया है.

मजबूत ऑर्डरबुक

मार्च 2026 तक कंपनी की ऑर्डर बुक ₹2,098 करोड़ रही. इसके अलावा कंपनी के पास ₹328 करोड़ के L1 ऑर्डर भी मौजूद हैं. इससे आने वाले समय के लिए मजबूत रेवेन्यू विजिबिलिटी दिखाई दे रही है.

AI और सुपरकंप्यूटिंग बिजनेस से मिल रहा फायदा

नेटबेव टेक्नोलॉजी हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग (HPC), स्टोरेज और क्लाउड बिजनेस में काम करती है. कंपनी भारत की उन चुनिंदा कंपनियों में शामिल है, जो एंड-टू-एंड सुपरकंप्यूटिंग और क्लाउड सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती हैं.

Zee Business Hindi Live TV यहां देखें

कंपनी ने अब तक 300 से ज्यादा ‘मेड इन इंडिया’ HPC यूनिट्स इंस्टॉल किए हैं. इसके ग्राहक IITs, ISRO, रेलटेल, दिल्ली यूनिवर्सिटी, इंफोसिस, Yotta, Zoho और TCS जैसी बड़ी संस्थाएं हैं. CRISIL ने कहा कि AI, डेटा सेंटर, क्लाउड सर्विसेज और HPC की बढ़ती मांग आने वाले समय में कंपनी की ग्रोथ को सपोर्ट करेगी.

मजबूत R&D और सप्लायर नेटवर्क

कंपनी लगातार रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) पर निवेश कर रही है. Netweb अपने सालाना रेवेन्यू का करीब 2-3% R&D पर खर्च करती है, ताकि नई टेक्नोलॉजी के साथ खुद को अपडेट रखा जा सके.

कंपनी के Nvidia, Samsung, AMD और Intel जैसे बड़े सप्लायर्स के साथ लंबे समय से संबंध हैं. इससे कंपनी को नई टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट रोडमैप की जानकारी पहले से मिल जाती है.

वित्तीय स्थिति भी मजबूत

CRISIL ने कंपनी की फाइनेंशियल प्रोफाइल को भी मजबूत बताया है. मार्च 2026 तक कंपनी की नेटवर्थ ₹720 करोड़ से ज्यादा रही. कंपनी पर कर्ज का दबाव सीमित है और लिक्विडिटी मजबूत बनी हुई है.

मार्च 2026 तक कंपनी के पास करीब ₹350-370 करोड़ की नकदी और बैंक बैलेंस मौजूद था. रेटिंग एजेंसी का मानना है कि आने वाले समय में कंपनी की कैश फ्लो स्थिति और मजबूत हो सकती है.

किन चुनौतियों का सामना?

हालांकि CRISIL ने कुछ जोखिमों का भी जिक्र किया है. कंपनी का बिजनेस अभी भी वर्किंग कैपिटल इंटेंसिव है. इसके अलावा सप्लायर और ग्राहकों पर ज्यादा निर्भरता भी एक चुनौती बनी हुई है.

कंपनी के कुल प्रोक्योरमेंट का बड़ा हिस्सा सिर्फ कुछ सप्लायर्स से आता है और कई जरूरी कंपोनेंट्स ताइवान से आयात किए जाते हैं. ऐसे में सप्लाई चेन में किसी तरह की दिक्कत कंपनी के कारोबार को प्रभावित कर सकती है.

इसके बावजूद CRISIL ने कंपनी का आउटलुक ‘Stable’ रखा है और माना है कि AI, डेटा सेंटर और सुपरकंप्यूटिंग सेक्टर में बढ़ती मांग से कंपनी को लंबे समय में फायदा मिल सकता है.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6