&format=webp&quality=medium)
NBCC Ltd Order: पब्लिक सेक्टर की नवरत्न कंपनी NBCC को बाजार बंद होने के बाद दो बड़े ऑर्डर मिले हैं. शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक पहला प्रोजेक्ट मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक से मिला है. वहीं, दूसरा बड़ा समझौता भारत सरकार के पोस्टल डिपार्टमेंट के साथ हुआ है. इन दो ऑर्डर के दम पर मार्केट खुलने के बाद NBCC के स्टॉक पर एक्शन देखने को मिल सकता है. गुरुवार को कारोबारी सत्र के दौरान NBCC का शेयर हल्की गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुआ है.
नवरत्न पीएसयू NBCC की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक पहले ऑर्डर के तहत कंपनी इंदौर, मध्य प्रदेश में बैंक के लिए एक आधुनिक इंस्टीट्यूशनल कैंपस का विकास करेगी. इस प्रोजेक्ट में बैंकों के हेड ऑफिस, हॉस्टल सुविधाएं के साथ-साथ ट्रेनिंग सेंटर और अधिकारियों के लिए एग्जीक्यूटिव क्वाटर्स का निर्माण शामिल है. इस काम की कुल लागत बिना जीएसटी 45.30 करोड़ रुपए आंकी गई है. NBCC इस प्रोजेक्ट के लिए मल्टी कंसल्टेंसी की सर्विस भी देगी.
शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक NBCC दूसरे समझौते के तहत पोस्टल डिपार्टमेंट के अलग-अलग लैंड पार्सल (जमीनों) का विकास करेगी. यह काम एनबीसीसी के 'रीडेवलपमेंट सेल्फ-सस्टेनेबल मोड' के आधार पर किया जाएगा. इस बड़े प्रोजेक्ट में एनबीसीसी प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और मार्केटिंग कंसल्टेंट के तौर पर काम करेगी ताकी इन जमीनों का सबसे ज्यादा मूल्य मिल सके. इस प्रोजेक्ट की कुल कीमत हर मामले के आधार पर अलग-अलग तय की जाएगी. इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी.
गुरुवार के कारोबारी सत्र के दौरान NBCC का शेयर BSE पर 0.60% और 0.65 अंकों की गिरावट के साथ 108.15 रुपए पर बंद हुआ है. NSE पर 0.66% या 0.72 अंक टूटकर 108.10 रुपए पर बंद हुआ है. NBCC का 52 वीक हाई 139.83 रुपए और 52 वीक लो 70.80 रुपए है. NBCC का शेयर इस साल 16.30% और पिछले छह महीने 8.28% तक रिटर्न दिया है. वहीं, पिछले एक साल में नवरत्न पीएसयू का शेयर 10.52% तक टूट चुका है.