&format=webp&quality=medium)
Navratna PSU Stock: घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार (17 जनवरी) को गिरावट है. सेंसेक्स करीब 400 अंक तो निफ्टी 100 अंकों से ज्यादा गिर चुका है. गिरावट वाले बाजार में खबर के दम पर दो नवरत्न पीएसयू (Navratna PSU) इरेडा (IREDA) और एसजेवीएन (SJVN) के शेयर में 4% तक की तेजी दर्ज की गई. दरअसल, इरेडा ने नेपाल में 900 मेगावाट क्षमता की हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के लिए ज्वाइंट वेंचर एंग्रीमेंट किया है.
सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन रिन्युएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (IREDA) ने नेपाल में 900 मेगावाट की हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट स्थापित करने के लिए एसजेवीएन (SJVN), जीएमआर एनर्जी (GMR Energy) और नेपाल इलेक्ट्रिसिटी ऑथोरिटी (NEA) के साथ संयुक्त उद्यम समझौता किया है. इरेडा, एसजेवीएन और जीएमआर एनर्जी के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में 900 मेगावाट की ऊपरी करनाली हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के लिए समझौते को अंतिम रूप दिया गया.
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के तहत आने वाली इरेडा ने बयान में कहा, उसने नेपाल में 900 मेगावाट की ऊपरी करनाली पनबिजली परियोजना के विकास के लिए एसजेवीएन लि. (SJVN), जीएमआर एनर्जी लि. (GMR Energy) और नेपाल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी (NEA) के साथ एक संयुक्त उद्यम समझौते को अंतिम रूप दिया है. इस रणनीतिक पहल का उद्देश्य क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना और नवीकरणीय ऊर्जा विकास में तेजी लाना है. संयुक्त उद्यम समझौता परियोजना के विकास, निर्माण, संचालन और रखरखाव के लिए एक व्यापक खाका तैयार करता है. परियोजना का विकास बनाओ, अपनाओ, चलाओ और सौंप दो (BOOT) मॉडल के तहत होगा.
इरेडा के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर प्रदीप कुमार दास ने कहा, यह समझौता क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा विकास के हमारे सामूहिक दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. हाइड्रोपावर की विशाल क्षमता का फायदा उठाकर, ऊपरी करनाली परियोजना सीमा पार सहयोग के एक मॉडल के रूप में काम करेगी. इस परियोजना से आर्थिक और पर्यावरण दोनों लाभ मिलेगा. इरेडा (IREDA) एक नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी है जो नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता से संबंधित परियोजनाओं के लिए लोन देती है.
कारोबार के दौरान इरेडा का शेयर 4% चढ़कर 212.45 रुपये पर पहुंच गया. स्टॉक का 52 वीक हाई 310 रुपये और लो 115.85 रुपये है. स्टॉक अपने रिकॉर्ड हाई से 49.57 फीसदी गिर चुका है. जबकि SJVN का शेयर 3% से ज्यादा चढ़कर 100.95 रुपये पर पहुंचा. स्टॉका 52 वीक हाई 170.85 रुपये और 52 वीक लो 90.15 रुपये है. स्टॉक अपने हाई से 69 फीसदी नीचे है.