गुरुवार को इस नवरत्न पीएसयू स्टॉक पर रखना नजर, कंपनी को मिले 3 ऑर्डर

नवरत्न पीएसयू कंपनी NBCC (India) के स्टॉक पर कल बाजार खुलते ही नजर रखना. कंपनी को बुधवार को कुल ₹83.24 करोड़ के तीन नए वर्क ऑर्डर मिले हैं. इन ऑर्डर्स से कंपनी की ऑर्डर बुक मजबूत होने और सरकारी निर्माण क्षेत्र में उसकी स्थिति और बेहतर होने की उम्मीद है.
गुरुवार को इस नवरत्न पीएसयू स्टॉक पर रखना नजर, कंपनी को मिले 3 ऑर्डर

कल बाजार खुलते ही इस शेयर पर रखें नजर (फोटो- AI)

नवरत्न पीएसयू कंपनी एनबीसीसी (NBCC) कंपनी को बुधवार को एक ऑर्डर मिला है. कंपनी ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को फाइलिंग के जरिए इसकी जानकारी दी. कंपनी ने बताया कि उसे नए प्रोजेक्ट्स के रूप में ₹83.24 करोड़ के वर्क ऑर्डर हासिल हुए हैं. कंपनी को ये ऑर्डर देश के अलग-अलग हिस्सों में रेजिडेंशियल, सरकारी भवनों के आधुनिकीकरण और हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों के लिए मिले हैं.

इन नए प्रोजेक्ट्स के जरिए कंपनी की ऑर्डर बुक को मजबूती मिलने की उम्मीद है और सरकारी परियोजनाओं में उसकी मौजूदगी और मजबूत हो सकती है. NBCC लंबे समय से सरकारी और संस्थागत निर्माण परियोजनाओं में सक्रिय रही है और नए ऑर्डर इस बात का संकेत हैं कि कंपनी को विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम मिल रहा है. मुंबई, नई दिल्ली और ओडिशा में फैले ये प्रोजेक्ट कंपनी के विविध पोर्टफोलियो को भी दर्शाते हैं.

1. मुंबई में कैनरा बैंक के लिए रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट

NBCC को मिले नए ऑर्डर्स में सबसे बड़ा प्रोजेक्ट कैनरा बैंक से मिला है. कंपनी को मुंबई के बोरीवली वेस्ट इलाके में एक रेजिडेंशियल बिल्डिंग के निर्माण का काम सौंपा गया है.

NBCC

इस प्रोजेक्ट की कुल लागत ₹39.99 करोड़ (GST को छोड़कर) तय की गई है. मुंबई जैसे बड़े शहरी बाजार में यह प्रोजेक्ट कंपनी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इससे शहरी निर्माण और आवासीय इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में उसकी क्षमता और अनुभव को मजबूती मिलेगी.

2. नई दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास के अपग्रेडेशन का काम

कंपनी को दूसरा ऑर्डर राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में मिला है. NBCC को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास, बंगला नंबर-1 जनपथ के अपग्रेडेशन और संबंधित निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है.

इस प्रोजेक्ट की कुल लागत ₹5.51 करोड़ है. हालांकि यह आकार में अपेक्षाकृत छोटा प्रोजेक्ट है, लेकिन सरकारी भवनों के आधुनिकीकरण और उच्च स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में NBCC की विशेषज्ञता को दर्शाता है. सरकारी संस्थानों और प्रशासनिक परिसरों के निर्माण और पुनर्विकास में NBCC पहले से ही कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुकी है.

3. ओडिशा में पशु स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बढ़ावा

तीसरा और महत्वपूर्ण ऑर्डर ओडिशा सरकार के फिशरीज एंड एनिमल रिसोर्सेज डेवलेपमेंट (F&ARD) विभाग से मिला है. इस प्रोजेक्ट की कुल लागत ₹37.74 करोड़ है. इस परियोजना के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में पशु चिकित्सालय, पॉलीक्लिनिक, डायग्नोस्टिक लैब, डिस्पेंसरी और पशुधन सहायता केंद्रों का निर्माण और विस्तार किया जाएगा.

यह प्रोजेक्ट केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और पशुपालन से जुड़े लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है.

NBCC की मजबूत सरकारी मौजूदगी

NBCC (India) आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) के तहत आने वाला एक नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम (CPSE) है. कंपनी की स्थापना वर्ष 1960 में हुई थी. कंपनी मुख्य रूप से प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी (PMC), रियल एस्टेट डेवलपमेंट और EPC (Engineering, Procurement & Construction) क्षेत्रों में काम करती है.

कंपनी देशभर में कई बड़े सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को संभाल रही है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी है. नए ऑर्डर्स मिलने से कंपनी की परियोजना पाइपलाइन मजबूत होने की संभावना है और आने वाले समय में इसके निष्पादन पर बाजार की नजर बनी रहेगी.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source