MRF का कमाल! दमदार Q3 नतीजे आते ही ₹14,000 चढ़ गया शेयर का भाव; दूसरा अंतरिम डिविडेंड देगी टायर कंपनी

MRF Share Price: कल शेयर 1,34,933 रुपये पर बंद हुआ था, आज के ट्रेड में शेयर 1,49,000 के भाव पर गया, यानी कि हर शेयर पर 14,000 रुपये से ज्यादा का मुनाफा हुआ.
MRF का कमाल! दमदार Q3 नतीजे आते ही ₹14,000 चढ़ गया शेयर का भाव; दूसरा अंतरिम डिविडेंड देगी टायर कंपनी

MRF ने जारी किए दमदार नतीजे

MRF Share Price: टायर बनाने वाली दिग्गज कंपनी MRF Ltd. के शेयरों में शुक्रवार को जबरदस्त तेजी देखी गई. कंपनी ने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए, जिसमें शानदार प्रदर्शन किया है. मजबूत ऑपरेटिंग नतीजों के बाद बाजार में शेयर को लेकर जबरदस्त खरीदारी दिखी और ट्रेडिंग के दौरान स्टॉक करीब 8% तक उछल गया.

कल ये 1,34,933 रुपये पर बंद हुआ था, आज के ट्रेड में शेयर 1,49,000 के भाव पर गया, यानी कि हर शेयर पर 14,000 रुपये से ज्यादा का मुनाफा हुआ. कंपनी की कमाई, मुनाफा और मार्जिन तीनों मोर्चों पर बड़ा सुधार देखने को मिला है. साथ ही इसने अपने निवेशकों को दूसरे अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है.

Q3 में कैसे रहे MRF के नतीजे?

Add Zee Business as a Preferred Source

MRF की आय में सालाना आधार पर मजबूत बढ़त दर्ज की गई. कंपनी का रेवेन्यू पिछले साल के ₹6,883 करोड़ से बढ़कर ₹7,934 करोड़ हो गया, यानी करीब 15.3% की ग्रोथ देखी गई. कंपनी का शुद्ध मुनाफा करीब ₹307 करोड़ से बढ़कर ₹679 करोड़ पहुंच गया, यानी सालाना आधार पर 121% की उछाल देखने को मिली.

MRF का कामकाजी मुनाफा यानी EBITDA भी तेजी से बढ़ा है. पिछले साल जहां EBITDA ₹802 करोड़ था, वहीं इस बार यह बढ़कर ₹1,364 करोड़ हो गया. इसमें करीब 70% की बढ़ोतरी दर्ज हुई है. इसके साथ ही कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन भी सुधरकर 11.6% से बढ़कर 17.2% हो गया. इसका मतलब है कि कंपनी अब अपने कारोबार से ज्यादा बेहतर कमाई कर पा रही है.

डीटेलQ3 FY26 (Dec 2025)Q3 FY25 (Dec 2024)बदलाव (YoY)
कुल आय (Total Income)₹8,175 करोड़₹7,099 करोड़▲ 15%
प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT)₹917 करोड़₹424 करोड़▲ 116%
एक्सेप्शनल आइटम₹77 करोड़
टैक्स प्रावधान₹225 करोड़
नेट प्रॉफिट (PAT)₹692 करोड़₹315 करोड़▲ 120%

अन्य आय से मिला सपोर्ट

कंपनी की अन्य आय भी मजबूत रही. अन्य आय में करीब 27% की बढ़त के साथ यह बढ़कर लगभग ₹123 करोड़ पहुंच गई. बेहतर लागत नियंत्रण और मजबूत डिमांड का असर सीधे मुनाफे पर दिखा है.

LIVE TV:

दूसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान

MRF के बोर्ड ने निवेशकों को खुश करते हुए ₹3 प्रति शेयर दूसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है. कंपनी ने इसके लिए 13 फरवरी 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. डिविडेंड का भुगतान 27 फरवरी 2026 या उसके बाद किया जाएगा. डिविडेंड ऐलान से भी स्टॉक में पॉजिटिव सेंटिमेंट बना है.

शेयर में क्यों आई तेजी?

  • MRF के शेयर में तेजी की सबसे बड़ी वजह रही
  • मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ,
  • मुनाफे में दोगुने से ज्यादा उछाल,
  • मार्जिन में बड़ा सुधार,
  • और डिविडेंड का ऐलान

आगे कहां रखें नजर?

MRF ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि तीसरी तिमाही में OE (Original Equipment) और Replacement दोनों सेगमेंट की बिक्री मजबूत रही. इसकी सबसे बड़ी वजह GST दरों में कटौती के बाद मांग में आई सुधार रही. कंपनी ने बताया कि अच्छे और व्यापक मॉनसून की वजह से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार आया. गांवों में इनकम और खर्च बढ़ने से टू-व्हीलर, ट्रैक्टर और कमर्शियल व्हीकल्स की मांग बढ़ती है, जिसका सीधा फायदा टायर कंपनियों को मिलता है.

चौथी तिमाही में भी तेजी की उम्मीद

MRF को उम्मीद है कि GST कटौती से बनी मांग की तेजी चौथी तिमाही में भी जारी रहेगी. इसके अलावा कंपनी का कहना है कि ऑटो कंपनियां (OEMs) अपनी प्रोडक्शन बढ़ा सकती हैं, क्योंकि आखिरी तिमाही में गाड़ियों की बिक्री ज्यादा रहती है और डीलरों के पास मौजूद स्टॉक भी कम हुआ है.

सरकार ने बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च बढ़ाने का ऐलान किया है, इससे ट्रक, बस और अन्य कमर्शियल व्हीकल्स की मांग बढ़ेगी. साथ ही सरकार अलग-अलग देशों के साथ ट्रेड एग्रीमेंट फाइनल कर रही है, इससे आने वाले समय में भारतीय कंपनियों के लिए एक्सपोर्ट के नए मौके खुलेंगे. इसका फायदा टायर इंडस्ट्री और MRF जैसी कंपनियों को भी मिल सकता है.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6