&format=webp&quality=medium)
मेगा ऑर्डर के बाद इस मल्टीबैगर स्टॉक पर रखें नजर (फोटो- AI)
बाजार बंद होने के बाद इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी John Cockerill India को मेगा ऑर्डर मिला है. कंपनी ने BSE फाइलिंग के तहत इसकी जानकारी दी. कंपनी ने बताया कि उसे JSW विजयनगर मैटेलिक्स से ये ऑर्डर मिला है. कंपनी को करीब ₹1250 करोड़ से ₹1300 करोड़ का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट मिला है. इस ऑर्डर के बाद कंपनी के ऑर्डर बुक और आने वाले साल की रेवेन्यू विजिबिलिटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
कंपनी ने जानकारी दी कि यह ऑर्डर जॉन कॉकरिल इंडिया (JCI) और जॉन कॉकरिल मेटल इंडस्ट्रीज (JCMI) को दिया गया है. यह प्रोजेक्ट JSW के CRNO (Cold Rolled Non-Oriented Electrical Steel) प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसे देश में उन्नत स्टील प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
इस प्रोजेक्ट के तहत कंपनी को डिजाइन, इंजीनियरिंग, सप्लाई, इंस्टॉलेशन की निगरानी और कमीशनिंग से जुड़े काम पूरे करने होंगे. प्रोजेक्ट में दो Annealing & Coating Lines (ACL-1 और ACL-2) और एक Annealing & Pickling Line (APL) स्थापित की जाएगी. कंपनी के मुताबिक इस ऑर्डर का काम मई 2026 से अगले 36 महीनों के भीतर पूरा किया जाएगा.

ऑर्डर की संरचना पर नजर डालें तो जॉन कॉकरिल इंडिया के हिस्से करीब ₹550 करोड़ का काम आएगा, जबकि जॉन कॉकरिल मेटल इंडस्ट्रीज को लगभग 30–35 मिलियन यूरो का हिस्सा मिलेगा. इसके अलावा कंसोर्टियम और फर्नेस सप्लायर से जुड़ा हिस्सा करीब ₹400 करोड़ का बताया गया है. कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह किसी संबंधित पक्ष (Related Party) से जुड़ा ट्रांजैक्शन नहीं है और इसमें प्रमोटर समूह की कोई हिस्सेदारी नहीं है.
CRNO स्टील को मोटर, इलेक्ट्रिक वाहन (EV), ट्रांसफॉर्मर और ऊर्जा दक्ष इलेक्ट्रिकल उपकरणों के निर्माण में एक महत्वपूर्ण कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में इस प्रोजेक्ट को भारत की औद्योगिक और ऊर्जा दक्षता क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इस बड़े ऑर्डर के जरिए कंपनी हाई-वैल्यू स्टील प्रोसेसिंग और इलेक्ट्रिकल स्टील इंफ्रास्ट्रक्चर सेगमेंट में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ती नजर आ रही है.
John Cockerill (JCIL) इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की एक प्रमुख कंपनी है, जो मुख्य रूप से स्टील और मेटल इंडस्ट्री के लिए काम करती है. कंपनी कोल्ड रोलिंग मिल कॉम्प्लेक्स, प्रोसेसिंग लाइन्स और केमिकल इक्विपमेंट्स के डिजाइन, इंजीनियरिंग और कमीशनिंग में स्पेशियलिटी रखती है.
यह कंपनी बेल्जियम स्थित John Cockerill Group की सहायक कंपनी है और ग्लोबल लेवल पर प्रोजेक्ट्स के निष्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. भारत में अपनी इंजीनियरिंग क्षमता और तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल करते हुए कंपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों को सेवाएं प्रदान करती है और वैश्विक औद्योगिक प्रोजेक्ट्स के लिए एक रणनीतिक केंद्र के रूप में काम करती है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)