&format=webp&quality=medium)
ITC Hotels Q2 Results: आईटीसी होटल्स ने सितंबर तिमाही (Q2 FY26) में जोरदार नतीजे जारी किए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 75% बढ़कर ₹133 करोड़ पर पहुंच गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह ₹76 करोड़ था. लगातार बढ़ती मांग और बेहतर ऑपरेशनल प्रदर्शन की वजह से कंपनी का मुनाफा मजबूत रहा.
तिमाही के दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी बढ़त के साथ आया और 8% की वृद्धि के साथ ₹839 करोड़ पर पहुंच गया, जो बीते साल इसी तिमाही में ₹778 करोड़ था. होटल कारोबार से कंपनी की आय 8% बढ़कर ₹823 करोड़ रही, जो यात्रा और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रिकवरी का संकेत देती है.
आईटीसी होटल्स का ऑपरेटिंग ईबिट्डा 16% बढ़कर ₹246 करोड़ हो गया, जो पिछले वर्ष समान तिमाही में ₹212 करोड़ था. कंपनी का ईबिट्डा मार्जिन भी 27.2% से बढ़कर 29.2% तक पहुंचा. बेहतर कॉस्ट मैनेजमेंट और औसत कमरे के किराये (ARR) में सुधार से मार्जिन में बढ़ोतरी हुई.
मजबूत नतीजों के बावजूद शेयर बाजार में कंपनी के स्टॉक पर दबाव देखा गया. तिमाही नतीजे जारी होने के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी के शेयर 0.59% गिरकर ₹219.46 प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे. विश्लेषकों का मानना है कि हालिया तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की.
चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (H1 FY26) में भी कंपनी ने मजबूत प्रदर्शन किया है. इस अवधि में नेट प्रॉफिट 63% बढ़कर ₹266 करोड़ पर पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष यह ₹163 करोड़ था. राजस्व 11.5% बढ़कर ₹1,655 करोड़ रहा. इसी अवधि में ईबिट्डा भी 17% बढ़कर ₹491 करोड़ हो गया और मार्जिन 29.6% पर पहुंच गया.
नतीजों के साथ कंपनी ने एक नई एम्प्लॉयी स्टॉक एप्रिसिएशन राइट्स (ESAR) योजना लागू करने का भी प्रस्ताव रखा है. इस योजना के तहत कंपनी अपनी इश्यूड और पेड-अप शेयर कैपिटल का 2% तक हिस्सा कर्मचारियों के लिए अलग रखेगी. यह पहल टैलेंट रिटेंशन को मजबूत बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है.