LIC का पसंदीदा रेलवे स्टॉक फिर बना रॉकेट! हैदराबाद मेट्रो के साथ साइन की ₹13,527 करोड़ की डील

IRFC Share Price: रेलवे कंपनी ने अर्बन रेल फाइनेंसिंग को बढ़ावा देते हुए हैदराबाद मेट्रो के लिए ₹13,527 करोड़ की रीफाइनेंसिंग डील साइन की.
LIC का पसंदीदा रेलवे स्टॉक फिर बना रॉकेट! हैदराबाद मेट्रो के साथ साइन की ₹13,527 करोड़ की डील

नवरत्न रेलवे PSU का शेयर ₹100 के पार निकल गया. (प्रतीकात्मक फोटो: AI/Chatgpt)

IRFC Share Price: सरकारी रेलवे कंपनी इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (IRFC) ने बड़ा अपडेट दिया है. शेयर बाजार को दी जानकारी में रेलवे कंपनी ने बताया कि उसने अर्बन रेल फाइनेंसिंग को बढ़ावा देते हुए हैदराबाद मेट्रो के लिए ₹13,527 करोड़ की रीफाइनेंसिंग डील साइन की. इस खबर की वजह से आज रेलवे पीएसयू स्टॉक 2.8% चढ़कर ₹101 पर पहुंच गया. बता दें कि IRFC एक नवरत्न पीएसयू है.

₹13,527 करोड़ की मेगा डील!

BSE की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रेल मंत्रालय के तहत आने वाली नवरत्न पीएसयू IRFC ने भारत के अर्बन ट्रांजिट सेक्टर की बड़ी रीफाइनेंसिंग डील में से एक को अंजाम दिया है. कंपनी ने L&T Metro Rail Hyderabad के साथ ₹13,527 करोड़ के टर्म लोन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए हैं. यह राशि हैदराबाद मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के मौजूदा लोन को रीफाइनेंस करने के लिए इस्तेमाल होगी.

Zee Business Hindi Live TV यहां देखें

यह समझौता IRFC की रेलवे फाइनेंसिंग से आगे बढ़कर डाइवर्सिफाइड इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंसिंग इंस्टीट्यूशन बनने की रणनीति को दर्शाता है. कंपनी लंबी अवधि की ट्रांसपोर्ट फाइनेंसिंग में अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए अब अर्बन मोबिलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी फोकस बढ़ा रही है. इस एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर IRFC के CMD और CEO मनोज कुमार दुबे और तेलंगाना के मुख्य सचिवके रामकृष्णा राव की मौजूदगी में हुए.

मैनेजमेंट ने क्या कहा?

IRFC के CMD मनोज कुमार दुबे ने कहा कि यह डील राष्ट्रीय महत्व के इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट्स के लिए लंबे समय की इनोवेटिव फाइनेंसिंग उपलब्ध कराने की कंपनी की क्षमता को मजबूत करती है. साथ ही यह सस्टेनेबल अर्बन मोबिलिटी को समर्थन देने की दिशा में भी अहम कदम है.

यह रीफाइनेंसिंग उस समय हुई है जब Larsen & Toubro से L&T मेट्रो रेल हैदराबाद की 100% हिस्सेदारी तेलंगाना सरकार के तहत हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड (HMRL) को ट्रांसफर की गई है. इससे हैदराबाद मेट्रो अब राज्य सरकार के स्वामित्व वाली रणनीतिक सार्वजनिक परिवहन संपत्ति बन गई है.

यह फंडिंग मौजूदा लोन, NCDs, कमर्शियल पेपर्स और टर्म लोन को रीफाइनेंस करेगी, जिससे मौजूदा कर्जदाताओं को व्यवस्थित एग्जिट मिलेगा और प्रोजेक्ट की दीर्घकालिक वित्तीय स्थिति मजबूत होगी.

हैदराबाद मेट्रो प्रोजेक्ट

69.2 किलोमीटर लंबा हैदराबाद मेट्रो फेज-I, 57 स्टेशनों और तीन कॉरिडोर के साथ दुनिया की सबसे बड़ी PPP मॉडल आधारित मेट्रो परियोजनाओं में शामिल है. फिलहाल यह नेटवर्क रोजाना 5 लाख से ज्यादा यात्रियों को सेवा देता है और शहर की पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था की मजबूत रीढ़ बन चुका है.

irfc

FII ने बढ़ाई हिस्सेदारी, 51 लाख रिटेल निवेशकों का भरोसा

नवरत्न पीएसयू IRFC पर विदेशी और रिटेल निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत बना हुआ है. मार्च तिमाही में विदेशी निवेशकों (FII) ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी 0.98% से बढ़ाकर 1.16% कर ली है. वहीं स्टॉक पर 51.13 लाख रिटेल निवेशकों का भरोसा है. इसमें पब्लिक की हिस्सेदारी 11.10% से बढ़कर 11.29% हो गई.

इस रेलवे पीएसयू पर देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने बड़ा दांव लगाया है. मार्च तिमाही में एलआईसी ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी 1.10% से बढ़ाकर 2.89% की है. तिमाही आधार पर इसमें 1.44% की बढ़ोतरी हुई.

irfc

इस साल 20% तक गिरा

रेलवे स्टॉक का 52 वीक हाई 148.90 रुपए और लो 87.05 रुपए है. रेलवे कंपनी का मार्केट कैप 1,31,273.14 करोड़ रुपए है. एक हफ्ते में शेयर 2.87% तक बढ़ा है, लेकिन इस साल शेयर में अब तक 20% से ज्यादा की गिरावट आई है.

साल भर से रेलवे स्टॉक निवेशकों को निराश कर रहा है. बीते 6 महीने में यह 13.96% और पिछले एक साल में 26.52% तक करेक्ट हो चुका है. पिछले 2 साल में शेयर में 45.42% की गिरावट आई है. हालांकि, बीते 3 साल में शेयर ने निवेशकों को 213.91% और 5 साल में 319.42% का शानदार रिटर्न दिया है.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source