&format=webp&quality=medium)
NCC Order: हैदराबाद स्थित NCC लिमिटेड कंपनी को बिहार से एक बड़ा ऑर्डर मिला है. कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि उसे बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) के पुनर्विकास का काम सौंपा है. यह काम दरभंगा के लहेरियासराय में होगा. हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी का शेयर BSE पर दो फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ बंद हुआ है.
NCC की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक कंपनी को 21 मार्च, 2025 को इस काम के लिए लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) मिला है. NCC लिमिटेड की नीति के अनुसार, 1000 करोड़ रुपये या उससे अधिक (जीएसटी को छोड़कर) के ठेके को "मेजर ऑर्डर" माना जाता है. यह प्रोजेक्ट एक घरेलू इकाई द्वारा दिया गया है.इसका मतलब है कि यह काम देश के अंदर ही होगा. इस प्रोजेक्ट में मौजूदा कैंपस में मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और अन्य इमारतों का पुनर्विकास किया जाएगा.
NCC को ये काम 42 महीने में पूरा करना होगा और इसके बाद 36 महीने का डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (DLP) भी होगा. मतलब, अगर काम में कोई खराबी निकलती है, तो कंपनी को 36 महीने के अंदर उसे ठीक करना होगा. इस कॉन्ट्रैक्ट की कुल कीमत 1480.34 करोड़ रुपये (जीएसटी को छोड़कर) है. कंपनी ने यह भी साफ किया है कि इस प्रोजेक्ट को देने वाली कंपनी (BMSICL) में NCC लिमिटेड के प्रमोटर, प्रमोटर ग्रुप या ग्रुप कंपनियों का कोई हित नहीं है.
शुक्रवार को कारोबारी सत्र के दौरान NCC का शेयर BSE पर 2.26% या 4.55 अंकों की तेजी के साथ 206.05 रुपए पर बंद हुआ है. NSE पर 2.24 % या 4.52 अंकों की बढ़त के साथ 206 रुपए पर बंद हुआ है. कंपनी का 52 वीक हाई 364.50 रुपए और 52 वीक लो 170.05 रुपए है. पिछले छह महीने में कंपनी का शेयर 34.66% तक टूट चुका है. वहीं, पिछले एक साल में 13.01% तक गिर चुका है. कंपनी का मार्केट कैप 12.93 हजार करोड़ रुपए है.