&format=webp&quality=medium)
Infosys Q2 Results: देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी Infosys Ltd ने सितंबर तिमाही (Q2FY26) के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा है- मुनाफा, आय और मार्जिन तीनों में सुधार दर्ज किया गया. साथ ही कंपनी ने ₹23 प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है, जिसकी रिकॉर्ड डेट 27 अक्टूबर तय की गई है.
कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा ₹7364 करोड़ रहा, जो कि ब्रोकरेज अनुमानों (₹7226 करोड़) से थोड़ा बेहतर है. तिमाही दर तिमाही (QoQ) तुलना में मुनाफा ₹6921 करोड़ से बढ़कर ₹7364 करोड़ हुआ है. वहीं कंपनी की कुल आय ₹44,490 करोड़ रही, जो कि ₹44,126 करोड़ के अनुमान से अधिक है और पिछली तिमाही के ₹42,279 करोड़ से 5.2% ज्यादा है.
Infosys का EBIT ₹9353 करोड़ रहा, जो ₹9321 करोड़ के अनुमान से थोड़ा बेहतर है. तिमाही दर तिमाही EBIT में 6.2% की बढ़त दर्ज की गई है. EBIT मार्जिन 21% रहा, जो पिछली तिमाही के 20.8% से बेहतर है. कंपनी ने लागत नियंत्रण और बेहतर प्रोजेक्ट मिक्स की वजह से मार्जिन सुधार दर्ज किया.
आईटी सेक्टर में जॉब स्थिरता की झलक Infosys के आंकड़ों में भी दिखी. कंपनी का एट्रिशन रेट घटकर 14.3% पर आ गया, जो पिछले तिमाही में 14.4% था. कंपनी के पास सितंबर 2025 तक 3.32 लाख कर्मचारी हैं.
Infosys ने ₹23 प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड घोषित कर निवेशकों को दिवाली से पहले तोहफा दिया है. कंपनी ने डिविडेंड के लिए 27 अक्टूबर को रिकॉर्ड डेट तय की है, यानी इसी तारीख तक जिन निवेशकों के पास शेयर होंगे, उन्हें यह डिविडेंड मिलेगा. कंपनी ने 7 नवंबर को पेआउट डेट रखा है, यानी कि इस दिन निवेशकों के पास डिविडेंड के पैसे आ जाएंगे.
Infosys के Q2FY26 नतीजे इस बात का संकेत हैं कि कंपनी धीरे-धीरे महामारी के बाद की सुस्ती से पूरी तरह उबर चुकी है. मुनाफा, मार्जिन और ऑर्डर बुक, तीनों में सुधार से कंपनी ने बाजार को उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन दिखाया है. निवेशक अब कंपनी की Q3 गाइडेंस और अंतरराष्ट्रीय मांग के ट्रेंड पर नज़र रखेंगे, क्योंकि अमेरिकी और यूरोपीय बाजारों में रिकवरी आने पर Infosys की ग्रोथ और तेज़ हो सकती है.