&format=webp&quality=medium)
IDFC First Q1 Results: BSE200 में शामिल प्राइवेट सेक्टर के IDFC फर्स्ट बैंक ने वीकेंड में वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. 30 जून 2025 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 32 फीसदी तक टूट गया है. हालांकि, कुल आय और ऑपरेटिंग प्रॉफिट के मोर्चे पर बैंक ने मजबूती दर्ज की है. इसके अलावा बैंक के एसेट क्वालिटी मिला-जुला रहा है. बैंक के नेट एनपीए में कमी आई है. हालांकि, ग्रॉस एनपीए में बढ़ोतरी हुई है. शुक्रवार को कारोबारी सत्र के दौरान IDFC First Bank का शेयर हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र में 3 फीसदी की बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ.
IDFC फर्स्ट बैंक की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में बैंक का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 463 करोड़ रुपए रहा है. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में ये 681 करोड़ रुपए था. बैंक के मुताबिक माइक्रो फाइनेंस कारोबार और ब्याज दरों में बदलाव के कारण प्रॉफिट घटा है. इसी तरह से बैंक की कुल इनकम साल दर साल आधार पर 13.4 फीसदी बढ़कर 7160 करोड़ रुपए हो गई है. ये पिछली साल की इसी तिमाही में 6314 करोड़ रुपए थी. बैंक की NII 5.1 फीसदी बढ़कर 4933 करोड़ रुपए हो गई है, जो पिछले साल इस अवधि में 4695 करोड़ रुपए थी.
वित्त वर्ष 2026 की अप्रैल से जून तिमाही में IDFC First का कामकाजी मुनाफा 19 फीसदी की मजबूत बढ़त के साथ 2239 करोड़ रुपए है, जो पिछले साल की पहली तिमाही में 1882 करोड़ रुपए था. वहीं, मार्जिन भी सालाना आधार पर 29.80 फीसदी से बढ़कर 31.27 फीसदी हो गया है. IDFC First का ग्रॉस एनपीए बढ़कर सालाना आधार पर 1.92 फीसदी से बढ़कर 1.97 फीसदी हो गया है. नेट एनपीए 0.61 फीसदी से घटकर से 0.55 फीसदी हो गया है.
IDFC First का शेयर शुक्रवार को BSE पर 3 फीसदी या 2.19 अंकों की गिरावट के साथ 70.70 रुपए पर बंद हुआ है. NSE पर 3.10 % या 2.26 अंक टूटकर 70.63 रुपए पर बंद हुआ है. बैंक का 52 वीक हाई 78.45 रुपए और 52 वीक लो 52.46 रुपए है. इस साल अब तक IDFC First बैंक का शेयर 10.03% तक चढ़ चुका है. वहीं, पिछले 6 महीने में 24.50% और सालभर में -5.17% का रिटर्न दिया है.