&format=webp&quality=medium)
HDFC Bank: दिग्गज प्राइवेट बैंक HDFC Bank में अतनु चक्रवर्ती के चेयरमैन पद से इस्तीफे के बाद उठे सवालों पर अब मैनेजमेंट ने स्थिति साफ करने की कोशिश की है. अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन केकी मिस्त्री ने गुरुवार की दोपहर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बैंक के भीतर किसी तरह का कोई बड़ा या गंभीर मुद्दा नहीं है और गवर्नेंस स्ट्रक्चर पूरी तरह मजबूत बना हुआ है.
मिस्त्री ने बताया कि बोर्ड ने अतनु चक्रवर्ती का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. उन्होंने कहा कि बोर्ड उनकी सेवाओं के लिए आभारी है और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता है.
उन्होंने साफ कहा कि इस्तीफे के पीछे किसी खास घटना या गंभीर गवर्नेंस समस्या की बात सामने नहीं आई है. चक्रवर्ती की ओर से भी बोर्ड के सामने किसी विशेष मुद्दे को विस्तार से नहीं रखा गया.
मिस्त्री ने जोर देकर कहा कि बैंक का गवर्नेंस फ्रेमवर्क मजबूत है और बोर्ड सभी स्टेकहोल्डर्स के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा मैनेजमेंट सक्षम है और संचालन से जुड़े किसी भी तरह के मुद्दे नहीं हैं.
उन्होंने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के साथ बातचीत में भी कोई गंभीर चिंता सामने नहीं आई है. रेगुलेटर ने बैंक की टीम को सक्षम बताया है और संचालन पर भरोसा जताया है. मिस्त्री ने कहा कि अगर उन्हें लगता कि बैंक में कोई गंभीर एथिकल या गवर्नेंस समस्या है, तो वे यह जिम्मेदारी स्वीकार ही नहीं करते. यह बयान निवेशकों को भरोसा देने के लिए अहम माना जा रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि बैंक किसी भी संभावित रेप्युटेशनल रिस्क को संभालने में सक्षम है और आगे भी सभी लक्ष्यों को हासिल करने पर फोकस रहेगा.