&format=webp&quality=medium)
Haier Appliance India: हायर अप्लायंसेज इंडिया 2024 में एक अरब डॉलर के राजस्व के मील के पत्थर को पार करने के लिए तैयार है और कंपनी को 2025 में 11,500 करोड़ रुपये के राजस्व की उम्मीद है. हायर अप्लायंसेज के अध्यक्ष एनएस सतीश ने बृहस्पतिवार को यह बात कही. उन्होंने कहा कि इसके साथ ही उपकरण और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स बनाने वाली कंपनी की योजना दक्षिण भारत में तीसरा कारखाना खोलने की है, और वह इसके लिए जगह तय करने की प्रक्रिया में है.
हायर अप्लायंसेज इंडिया ने अब तक भारत में 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया है. सतीश ने पीटीआई-भाषा से कहा, “साल 2024 हमारे लिए अबतक का सबसे बेहतरीन वर्ष रहा है, जिसमें 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. इस साल हम एक अरब डॉलर की कंपनी बन जाएंगे. अगले साल हमारा लक्ष्य 11,500 करोड़ रुपये का है.” सतीश को विश्वास है कि 2024 में कंपनी की आमदनी 8,900 करोड़ रुपये रहेगी.
हायर अप्लायंसेज इंडिया का वित्त वर्ष जनवरी से दिसंबर तक होता है. उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चीजे ज्यादा महंगी और बेहतर होती जा रही हैं, वैसे-वैसे उनकी औसत कीमत (एएसपी) भी बढ़ रही है. सतीश ने कहा,'इस साल सभी कैटेगरी ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, एलईडी और वॉशिंग मशीन पर ध्यान केंद्रित करते हुए, इन दो श्रेणियों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, और वे टॉप पर पहुंच गई हैं.” उन्होंने कहा कि यह उपकरण क्षेत्र में किसी भी कंपनी की सबसे तेज वृद्धि है.
भारतीय बाजार के बारे में सतीश ने कहा कि अन्य बाजारों की तुलना में यहां पहुंच का स्तर अब भी कम है और यह एक ‘बड़ा अवसर’ प्रदान करता है तथा ‘हायर ने अपने उत्पादों को इसी के अनुसार तैयार करके इस पर ध्यान दिया है.’