&format=webp&quality=medium)
GPT Infraprojects bags 481 crore order.
Construction Stock: मुख्य रूप से रेलवे के लिए काम करने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी जीपीटी इन्फ्राप्रोजेक्ट्स लिमिटेड को इंडियन रेलवे से बड़ा ऑर्डर मिला है जिसके कारण शेयर में जबरदस्त एक्शन देखा जा रहा है. शेयर बाजार को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि उसे साउथ ईस्टर्न रेलवे से यह वर्क ऑर्डर मिला है. शेयर में 5% से अधिक तेजी है और यह 126 रुपए (GPT Infraprojects Share Price) के पार कारोबार कर रहा है. बाजार में भी तेजी देखी जा रही है. निफ्टी इस समय 130 अंकों की तेजी के साथ 23300 के ऊपर कारोबार कर रहा है.
BSE की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, GPT Infraprojects को साउथ ईस्टर्न रेलवे से 481.11 करोड़ रुपए का वर्क ऑर्डर मिला है. FY26 का यह पहला वर्क ऑर्डर है. इसके तहत रूपनारायण नदी पर ब्रिज नंबर 57 का निर्माण करना है. इस ऑर्डर के साथ ही कंपनी का टोटल आउटस्टैंडिंग ऑर्डर बुक 3814 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है. FY25 में कंपनी को कुल 1522 करोड़ रुपए का फ्रेश ऑर्डर मिला था. बता दें कि कंपनी का मार्केट कैप केवल 1580 करोड़ रुपए है.
5% की तेजी के साथ शेयर 126 रुपए पर कारोबार कर रहा है. जुलाई 2024 में शेयर ने 207 रुपए का 52 वीक्स हाई बनाया था. वहां से यह 60% तक टूटकर मार्च के महीने में यह शेयर 85 रुपए तक फिसला था. निचले स्तर से यह 45% से अधिक रिकवर कर चुका है. बता दें कि साल के पहले ट्रेडिंग सेशन में 1 जनवरी को शेयर का भाव 143 रुपए था. अप्रैल के महीने में हर बार शेयर ने पॉजिटिव रिटर्न दिया है. पिछले 9 सालों का औसत रिटर्न 15.5% रहा है.
GPT Infraprojects कोलकाता स्थित जीपीटी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी है. यह एक रेलवे फोकस्ड इन्फ्रा प्लेयर है. मुख्य रूप से यह लार्ज ब्रिज एंड रोड बनाती है. कंपनी का एक बिजनेस वर्टिकल स्लीपर सप्लाई को लेकर भी है, जिसके तहत वह इंडियन रेलवे और अफ्रीकन रेलवे को स्लीपर की सप्लाई करती है. इसी स्लीपर पर रेलवे की लाइन बिछाई जाती है.
(डिस्क्लेमर: यह स्टॉक में निवेश की सलाह नहीं है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)