&format=webp&quality=medium)
Dhanuka Agritech ने शेयर बायबैक और डिविडेंड का ऐलान किया है. (प्रतीकात्मक तस्वीर: AI/ChatGPT)
Share Buyback: एग्रीकेमिकल सेक्टर की कंपनी Dhanuka Agritech के शेयर में मंगलवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर करीब 7% तक उछल गया. इस तेजी की सबसे बड़ी वजह कंपनी का Buyback ऐलान और मजबूत तिमाही नतीजे रहे. कंपनी ने नतीजों के साथ बायबैक और डिविडेंड का भी ऐलान किया है. शेयर 6.9% की तेजी के साथ ₹1,161 के भाव पर ट्रेड कर रहा था. इसके पहले 10% की तेजी दिखाकर ₹1,200 का इंट्राडे हाई छू चुका था.
कंपनी ने चौथी तिमाही में सालाना आधार पर मुनाफे में 30% का उछाल देखा है. आय में भी बढ़त दर्ज हुई है. निवेशकों के लिए 2 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का भी ऐलान किया गया है.
कंपनी के बोर्ड ने करीब 70 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक को मंजूरी दी है. Buyback प्राइस 1400 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है, जो मौजूदा बाजार भाव के मुकाबले करीब 22.27% प्रीमियम पर है.
ये भी पढ़ें: IT Stocks में वापसी की आहट? 4% उछला IT इंडेक्स, Coforge पर ब्रोकरेज सुपर बुलिश- जानें क्यों है तेजी का सिग्नल
कंपनी 5 लाख इक्विटी शेयर वापस खरीदेगी, जो कुल पेड-अप इक्विटी कैपिटल का करीब 1.11% हिस्सा है. यह Buyback “Tender Offer” रूट के जरिए किया जाएगा.
आसान भाषा में समझें तो कंपनी अपने मौजूदा शेयरधारकों से तय कीमत पर शेयर वापस खरीदेगी. अगर किसी निवेशक के पास रिकॉर्ड डेट तक शेयर होंगे, तो वह Buyback में हिस्सा लेने के पात्र हो सकते हैं.
कंपनी इसके पहले अगस्त, 2024 में शेयर बायबैक कर चुकी है.
कंपनी ने 29 मई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. यानी इस तारीख तक जिन निवेशकों के पास शेयर होंगे, वे Buyback के लिए योग्य माने जाएंगे.
LIVE TV:
Buyback प्राइस 1400 रुपये रखा गया है, जो बाजार भाव से करीब 22% ज्यादा है. आमतौर पर जब कंपनी प्रीमियम पर Buyback करती है, तो इसे निवेशकों के लिए पॉजिटिव संकेत माना जाता है, क्योंकि उन्हें इससे बाजार भाव से ऊपर के दाम पर शेयर बेचने का मौका मिलता है. इसका मतलब यह भी निकाला जाता है कि कंपनी को अपने बिजनेस और भविष्य की कमाई पर भरोसा है.
Dhanuka Agritech के मार्च तिमाही नतीजे भी मजबूत रहे. कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 75 करोड़ रुपये से बढ़कर 98 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं कंपनी की आय 442 करोड़ रुपये से बढ़कर 483 करोड़ रुपये रही. यानी बिक्री में भी अच्छी ग्रोथ देखने को मिली.
ये भी पढ़ें: फिर से महंगी हुई सिगरेट, ITC और Godfrey Phillips ने बढ़ाए दाम, बढ़ती कीमतें फूकेंगी शेयरों में नई जान?
| पैरामीटर | FY26 Q4 | FY25 Q4 |
| मुनाफा | ₹98 करोड़ | ₹75 करोड़ |
| आय | ₹483 करोड़ | ₹442 करोड़ |
| EBITDA | ₹125 करोड़ | ₹110 करोड़ |
| मार्जिन | 25.80% | 24.80% |
कंपनी का कामकाजी मुनाफा यानी EBITDA 110 करोड़ रुपये से बढ़कर 125 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं EBITDA मार्जिन 24.8% से बढ़कर 25.8% हो गया. मार्जिन में सुधार का मतलब है कि कंपनी लागत को बेहतर तरीके से संभाल पा रही है और बिक्री से ज्यादा मुनाफा निकाल रही है.
Buyback और Dividend का एक साथ ऐलान आमतौर पर निवेशकों के लिए पॉजिटिव माना जाता है. इससे संकेत मिलता है कि कंपनी के पास मजबूत कैश फ्लो है और वह शेयरधारकों को रिटर्न देना चाहती है. साथ ही मजबूत नतीजे और बेहतर मार्जिन यह दिखाते हैं कि कंपनी का बिजनेस फिलहाल अच्छी स्थिति में है.
हालांकि निवेशकों को यह भी समझना चाहिए कि Buyback में सभी शेयर स्वीकार नहीं होते. टेंडर ऑफर में एक्सपेंटेंस रेशियो अहम भूमिका निभाता है. यानी आपके कितने शेयर कंपनी खरीदेगी, यह कुल आवेदन पर निर्भर करेगा.