&format=webp&quality=medium)
Bharat Electronics bags 593 crore order.
Defence PSU Stock: डिफेंस सेक्टर की दिग्गज नवरत्न कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स ने शेयर बाजार को भेजी सूचना में कहा कि उसे 593.22 करोड़ रुपए का ऑर्डर मिला है. वित्त वर्ष 2025-26 के लिए यह पहला ऑर्डर है. कंपनी को यह ऑर्डर इंडियन एयर फोर्स से मिला है, जिसके तहत आकाश मिसाइल सिस्टम के मेंटिनेंस का काम करना है. कंपनी ने यह भी बताया कि उसने 5000 करोड़ रुपए के ऑर्डर को लेकर पोटेंशियल कस्टमर के साथ बातचीत भी की है. यह शेयर 2 अप्रैल को 282 रुपए (Bharat Electronics Share Price) पर बंद हुआ था.
बता दें कि FY25 को लेकर कंपनी ने जो अपडेट जारी किया है उसके मुताबिक, पूरे वित्त वर्ष में कंपनी को 18415 करोड़ रुपए का ऑर्डर मिला जो 23000 करोड़ रुपए के गाइडेंस से कम है. वित्त वर्ष 2024-25 में कुल टर्नओवर ₹23,000 करोड़ रहा, जो पिछले साल के ₹19,820 करोड़ से 16% ज्यादा है. BEL ने निर्यात से $106 मिलियन (₹880 करोड़) की कमाई की, जो पिछले साल के $92.98 मिलियन से 14% अधिक है.
FY25 की बात करें तो कंपनी को जो बड़े ऑर्डर मिले हैं, उसमें आर्मी कॉम्बैट व्हीकल BMP2 का अपग्रेडेशन, अश्विनी रडार सिस्टम, सॉफ्टवेयर डिफाइन्ड रेडियो, मल्टी फंक्शनल रडाल, EON 51, एंट्री ड्रोन सिस्टम्स, एयरपोर्ट सर्विलांस रडार जैसे ऑर्डर शामिल हैं. 1 अप्रैल 2025 के आधार पर कंपनी का टोटल ऑर्डर बुक 71650 करोड़ रुपए का है. इसमें एक्सपोर्ट का ऑर्डर बुक 359 मिलियन डॉलर यानी 3100 करोड़ रुपए के करीब है.
कोटक सिक्योरिटीज ने Bharat Electronics को लेकर एक फ्रेश रिपोर्ट जारी की है जिसमें उसने SELL की रेटिंग दी है और 260 रुपए का टारगेट दिया है. ब्रोकरेज ने कहा कि फरवरी और मार्च के महीने में करीब 1 लाख करोड़ रुपए की डिफेंस ऑर्डरिंग हुई है, जबकि FY25 में कुल 2.1 लाख करोड़ रुपए की डिफेंस ऑर्डरिंग हुई है. इसके बावजूद पूरे फिस्कल के लिए कंपनी को 187 बिलियन रुपए के ऑर्डर प्राप्त हुए हैं जो गाइडेंस से 23% कम है.
(डिस्क्लेमर: यहां स्टॉक्स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)