Coal India: 10% डिस्काउंट पर मिल रहा महारत्न PSU, OFS में लगाएं दांव या रहें दूर? जानिए एक्सपर्ट्स की राय

Coal India OFS: कोल इंडिया के ओएफएस को इंस्टीट्यूशनल और नॉन-रिटेल निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. अब रिटेल निवेशकों और कर्मचारियों के लिए OFS खुल चुका है. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या निवेशकों को Coal India के OFS में हिस्सा लेना चाहिए? आइए जानते हैं एक्सपर्ट्स की राय.
Coal India: 10% डिस्काउंट पर मिल रहा महारत्न PSU, OFS में लगाएं दांव या रहें दूर? जानिए एक्सपर्ट्स की राय

कोल इंडिया के ओएफएस को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. (फोटो सोर्स: File Image)

Coal India OFS: सरकारी कंपनी कोल इंडिया (Coal India) के ऑफर फॉर सेल (OFS) को इंस्टीट्यूशनल और नॉन-रिटेल निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. इसके बाद अब यह इश्यू रिटेल निवेशकों के लिए खुल गया है. DIPAM के मुताबिक, नॉन-रिटेल कैटेगरी में OFS को 8.14 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला है. दिपम ने यह भी बताया कि शेयरों का आवंटन प्राइस प्रायोरिटी के आधार पर किया जाएगा.

मजबूत मांग को देखते हुए सरकार ने पूरा ग्रीनशू ऑप्शन इस्तेमाल करने का फैसला किया है, जिसके बाद हिस्सेदारी बिक्री का आकार भी बढ़ा दिया गया है. अब रिटेल निवेशकों और कर्मचारियों के लिए OFS खुल चुका है. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या निवेशकों को Coal India के OFS में हिस्सा लेना चाहिए?

कोल इंडिया OFS में दांव लगाएं या नहीं? जानिए एक्सपर्ट्स की राय

कोल इंडिया के OFS पर अविनाश गोरक्षकर ने कहा कि रिटेल निवेशकों को थोड़ा रुकना चाहिए. शेयर ऑलरेडी डिस्काउंट पर मिल रहा है. ओएफएस का सारा पैसा सरकार को जा रहा है, ना कि कंपनी को. उन्होंने कहा, रिटेल निवेशकों को ओएफएस होने के एक हफ्ते-10 दिन बाद निवेश करने की सलाह दी है. निवेशक सेकंडरी मार्केट से खरीद सकते हैं.

वहीं, Thoughtful Investors Research LLP के स्मॉलकेस मैनेजर और फाउंडर तपन दोशी ने कहा कि महारत्न PSU स्टॉक के लिए OFS का फ्लोर प्राइस ₹412 प्रति शेयर तय किया गया है, जो करीब 10% का डिस्काउंट है. उन्होंने कहा, यह निवेशकों के लिए अच्छा मौका हो सकता है. उनके मुताबिक, रिटेल निवेशकों को इस OFS में हिस्सा लेना चाहिए क्योंकि यह अपेक्षाकृत सुरक्षित निवेश माना जा सकता है.

उन्होंने कहा कि कंपनी का डिविडेंड यील्ड करीब 5.5% से 6% के बीच है. अगर शेयर सालभर में 15% तक भी बढ़ता है, तो निवेशकों को कुल मिलाकर लगभग 20% तक रिटर्न मिल सकता है. उन्होंने इस साल के लिए स्टॉक का टारगेट ₹530 रखा है.

एक्सपर्ट के मुताबिक, पावर सेक्टर की मजबूत थीम का फायदा Coal India को मिल सकता है. देश में अभी भी करीब 70% बिजली उत्पादन कोयले पर आधारित है, इसलिए आने वाले वर्षों में कोयले की मांग बनी रह सकती है. गर्मी के मौसम में बिजली की खपत बढ़ने से कंपनी का आउटपुट और अर्निंग्स बेहतर रहने की उम्मीद है. उनका मानना है कि अगले 5 से 10 साल के नजरिए से यह थीम मजबूत बनी रह सकती है.

Zee Business Hindi Live TV यहां देखें

60% अपसाइड टारगेट

वहीं FinToo की हेड ऑफ इक्विटी निशा हरचेकर ने कहा कि रिटेल निवेशकों को Coal India के OFS में हिस्सा लेने पर विचार करना चाहिए. उनके मुताबिक, सेक्टर रोटेशन में इस समय एनर्जी और मेटल सेक्टर मजबूत बने हुए हैं. कोयले की मांग स्टील इंडस्ट्री में भी अधिक रहती है. उन्होंने अनुमान जताया कि अगले 1 से 1.5 साल में स्टॉक ₹750 तक पहुंच सकता है, यानी मौजूदा स्तर से 60% से ज्यादा अपसाइड की संभावना है.

बता दें कि Coal India देश की सबसे बड़ी कोल माइनिंग कंपनी है और PSU शेयरों में सबसे ज्यादा ट्रैक किए जाने वाले स्टॉक्स में शामिल रहती है. ऐसे में यह OFS बाजार और निवेशकों दोनों के लिए काफी अहम माना जा रहा है.

सरकार कितना हिस्सा बेच रही है?

सरकार OFS के तहत पहले चरण में 6.16 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी. यह कंपनी की कुल चुकता इक्विटी कैपिटल का 1% हिस्सा है. इसके अलावा सरकार ने अतिरिक्त 1% हिस्सेदारी बेचने का विकल्प भी रखा है. यानी अगर निवेशकों की तरफ से मजबूत मांग आती है तो सरकार कुल 12.32 करोड़ शेयर तक बेच सकती है. इस तरह कुल हिस्सेदारी बिक्री 2% तक पहुंच सकती है.

OFS क्या होता है?

ऑफर फॉर सेल यानी OFS शेयर बेचने का ऐसा तरीका है जिसमें प्रमोटर या सरकार स्टॉक एक्सचेंज प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी हिस्सेदारी बेचती है. सरकार अक्सर PSU कंपनियों में हिस्सेदारी घटाने के लिए इस रास्ते का इस्तेमाल करती है. इसे पारंपरिक पब्लिक ऑफरिंग की तुलना में तेज और आसान प्रक्रिया माना जाता है क्योंकि पूरी प्रक्रिया सीधे एक्सचेंज के जरिए होती है.

OFS में कैसे करें निवेश?

  • OFS में निवेश करने के लिए सबसे पहले अपने ट्रेडिंग अकाउंट में लॉगिन करें. इसके बाद ब्रोकरेज ऐप या वेबसाइट पर जाकर OFS या कॉरपोरेट एक्शन सेक्शन खोलें.
  • यहां आपको शेयर का प्राइस, कितने शेयर खरीद सकते हैं और बिडिंग का समय जैसी जानकारी मिलेगी। अपनी पसंद के मुताबिक बिड लगाएं.
  • ध्यान रखें कि आपके अकाउंट में पर्याप्त पैसे होने चाहिए. बिड लगाने के बाद रकम कुछ समय के लिए ब्लॉक हो जाती है.
  • OFS नियमों के मुताबिक, ₹2 लाख तक की बिड लगाने वाले निवेशकों को रिटेल निवेशक माना जाता है.

जरूरी नोट

निवेशकों की बिड कट-ऑफ प्राइस से ऊपर होनी चाहिए. कट-ऑफ प्राइस से नीचे की बिड खारिज की जा सकती है. बिड सबमिट होने के बाद अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित राशि ब्लॉक रहती है.

25 लाख से ज्यादा निवेशकों का भरोसा

Coal India के मार्च तिमाही शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार, कंपनी के करीब 25.33 लाख रिटेल शेयरहोल्डर्स हैं, जिनके पास कुल 3.82% हिस्सेदारी है. कंपनी में FII की हिस्सेदारी 8.38% और DII की हिस्सेदारी 22.76% है.

शेयर का प्रदर्शन

Coal India का शेयर आज 1.71% की बढ़त के साथ ₹470.80 पर ट्रेड कर रहा है. स्टॉक का 52-वीक हाई ₹490.90 है, जो इसने 30 अप्रैल 2026 को बनाया था. वहीं 52-वीक लो ₹368.55 है. कंपनी का मार्केट कैप ₹2.90 लाख करोड़ है.

महारत्न PSU स्टॉक पिछले एक हफ्ते में 3.22% चढ़ा है, जबकि पिछले 3 महीनों में इसमें 9.39% की तेजी आई है. इस साल अब तक शेयर करीब 17.68% बढ़ चुके हैं. पिछले 6 महीनों में स्टॉक ने 25% से ज्यादा का रिटर्न दिया है. हालांकि, पिछले 2 वर्षों में शेयर में 3% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन 3 वर्षों में इसने 91.41% और 5 वर्षों में 220.84% का शानदार रिटर्न दिया है.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

(डिस्‍क्‍लेमर: यहां स्‍टॉक्‍स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज/एक्सपर्ट द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से सलाह लें.)

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6