&format=webp&quality=medium)
BHEL Q4 Results and Dividend: महारत्न पीएसयू भारत हेवी इलेक्ट्रिक्ल्स लिमिटेड (BHEL) ने वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही के अपने नतीजे जारी कर दिए हैं. 31 मार्च 2025 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी के मुनाफे में तीन फीसदी का इजाफा हुआ है. इसके अलावा रेवेन्यू और कामकाजी मुनाफे के मोर्चे पर भी कंपनी ने बढ़त हासिल की है. तिमाही नतीजों के अलावा भेल ने अपने निवेशकों के लिए 25 फीसदी फाइनल डिविडेंड का भी ऐलान किया है. शुक्रवार को कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी के शेयर में तेजी देखी गई है.
भेल की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक कंपनी के बोर्ड ने 2 रुपए के फैस वेल्यू वाले सभी शेयर पर 0.25 पैसे डिविडेंड का ऐलान किया है. कंपनी की सालाना आम बैठक (AGM) खत्म होने के 30 दिनों के अंदर डिविडेंड का भुगतान किया जाएगा. जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 504 करोड़ रुपए रहा है. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में ये 489.62 करोड़ रुपए था. महारत्न पीएसयू का रेवेन्यू 8.9% बढ़कर 8,993 करोड़ रुपए हो गया है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 8260 करोड़ रुपए था.
शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक भेल का कामकाजी मुनाफा 14.3% बढ़ गया है. भेल का कामकाजी मुनाफा सालाना आधार पर 728 करोड़ रुपए से बढ़कर 832 करोड़ रुपए हो गया है. साथ ही कंपनी का मार्जिन 8.8 फीसदी से बढ़कर 9.2 फीसदी (YoY) हो गया है. वित्त वर्ष 2025 की बात करें तो कंपनी का 12 महीने में मुनाफा 282.22 करोड़ रुपए से बढ़कर 533.90 करोड़ रुपए हो गया है. वहीं, रेवेन्यू 23892.78 करोड़ रुपए से बढ़कर 28339.48 करोड़ रुपए रहा है.
शुक्रवार को कारोबारी सत्र के दौरान BHEL का शेयर BSE पर 1.16% या 2.85 अंक चढ़कर 248.55 रुपए पर ट्रेड कर रहा है. NSE पर शेयर 1.03 % या 2.53 अंकों की बढ़त के साथ 248.21 रुपए पर कारोबार कर रहा है. कंपनी का 52 वीक हाई 335.35 रुपए और 52 वीक लो 176 रुपए रहा है. इस साल कंपनी का शेयर अब तक 7.19 फीसदी तक चढ़ चुका है. पिछले छह महीने में शेयर ने 12.27% रिटर्न दिया है. वहीं, पिछले एक साल में 15.20% तक टूट चुका है. ONGC का मार्केट कैप 86.86 करोड़ रुपए है.